0 रामलला मंदिर में आयोजित झूला महोत्सव में पक्के संगीत पर झूम रहे श्रोता
konch3कोंच-उरई। प्राचीन ऐतिहासिक रामलला मंदिर में सावन तीज से प्रारम्भ हुआ झूला महोत्सव शनैः शनैः उत्कर्ष की ओर अग्रसर है तथा इसमें चार चांद लग रहे हैं। शास्त्रीय विधा में बीती रात्रि झूला महोत्सव में जहां नामवर संगीत विशेषज्ञों ने अपने रागों से श्रोता समुदाय को आनंदित किया वहीं कई नवोदित कलाकारों ने अपनी भावप्रणव प्रस्तुतियां देकर झूले का आनंद प्रदान किया।
महंत रघुनाथदास के पावन सानिध्य जारी महोत्सव बीती रात शास्त्रीय बिधा की जानकार कु. निशा झा ने राग यमन छोटा खयाल में अपनी जोरदार प्रस्तुति मोरी गगरी न भरन देत रे बहियां पकर मोसें करत रार.. देकर जमकर तालियां बटोरीं। शास्त्रीय संगीत की एक और नवोदित जानकार कु. तनिश पाठक ने भी राग यमन में श्चलो हटो जाओ वनवारी छांड़ो बैयां मोरी..्य की शानदार प्रस्तुति दी। अजमेरसिंह ने गाया श्याम घटा चढ आई अटा पर आये न..। हरीशकुमार याज्ञिक ने राग यमन धु्रपद में अपनी बेजोड़ प्रस्तुति देते हुये गाया वेद रटत ब्रह्म रटत शेष रटत शंभु रटत..। हरिभाई सोनी ने एक दिन गौरा संवरन लागीं.. तथा गिरिजानंदन बेलमां की प्रस्तुति झुक आई बदरिया सावन की मन भावन की.. पर श्रोता झूम उठे। धर्मेन्द्र उर्फ रश्मि गुडिया ने अपने सुमधुर कंठ से नृत्य के साथ जब मेरा छांड़ दे अचरवा मैं तो न्यारी झूलूंगी.. गाया तो पण्डाल में बैठे श्रोता वाह वाह कर उठे। सोनू सोनी ने राग मालकौंश धु्रपद में आये रघुवीर धीर लंकधीश अवधमान.. की शानदार प्रस्तुति दी। शंभू पटेल की प्रस्तुति वेदमाता, देवमाता, विश्वमाता को नमन है.. और इंदु तिवारी की प्रस्तुति भोर की चिरैंयां बोलन लागी भज सीताराम.. पर खूब तालियां बजीं। बुद्धसिंह बुंदेला ने गाया रंगीले तेरी झूलन है अति प्यारी..। हर्षिता त्रिपाठी, आकाश राठौर, हरकिशोर दूरवार, कुं. संतोषी, सौम्या कौशिक आदि की प्रस्तुतियां भी जानदार रहीं। तबले पर मथुराप्रसाद, महेश एवं हारमोनियम पर प्रमोद बब्बा व हरीश याज्ञिक संगत कर रहे थे।

Leave a Reply