0 पुरातत्व विभाग करा रहा है इस ऐतिहासिक धरोहर की टीप टाप
कोंच-उरई। ऐतिहासिक और पुरा महत्व की धरोहरों से आवृत्त कोंच के मोहल्ला भगतसिंह नगर में अवस्थित बारहखंभा दिल्ली नरेश पृथ्वीराज चैहान और परमाल के बीच हुये युद्ध का मूक साक्षी है लेकिन शासन प्रशासन और पुरातत्व विभाग की उपेक्षा का शिकार यह ऐतिहासिक महत्व का गवाह अब क्षरण से उबरने की कोशिश में जुटा है। नागरिकों तथा नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय समय पर की गईं मांगें आखिर पुरातत्व विभाग के कानों में पड़ गई हैं और इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण को पंख मिले हैं।
पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित इस ऐतिहासिक इमारत के ध्वंसावशेष शायद अब तक इतिहास के पन्नों में गुम हो जाते यदि यहां के जागरूक लोग इसके क्षरण को लेकर हो-हल्ला न मचाते। कई साल पहले पुरातत्व विभाग ने इसे अपने संरक्षण में ले लिये जाने का एक बोर्ड यहां लगाया था फिर इस विभाग ने फिर कभी उसकी ओर मुड़ कर नहीं देखा और कतिपय अराजक तत्वों या स्मैकचियों का अड्डा बन गये इस पुरातात्विक अवशेष पर कतिपय लोगों ने अतिक्रमण के अनेकों प्रयास किये और प्रशासन ने इन अतिक्रमणों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर उन्हें हटवाया। इसके बाद पालिका प्रशासन की सार्थक पहल काम आई, पालिका द्वारा पुरातत्व विभाग को लिखे गये पत्र की रोशनी में विभाग ने इस इमारत के संरक्षण का प्रयास शुरू कर दिया है। पालिका का कहना है कि मोहल्ला खेरावाट जिसे अब भगतसिंह नगर के नाम से जाना जाता है, में अवस्थित यह ऐतिहासिक स्मारक बारहखंभा कोंच के लिये विरासत है जिसे पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित किया गया है। नक्शा व खसरा बंदोबस्त सन् 1902-03 के अनुसार भूमि संख्या 3305 क्षेत्रफल 0.025 एकड़ व बारहखंभा की चैकी नं. 3303 क्षेत्रफल 0.015 एकड़ में निर्मित है तथा इसके पूर्व एवं उत्तर में परती की भूमि संख्या 3302 क्षेत्रफल 0.078 एकड़ है, तत्पश्चात् उत्तर में रोड नं. 3301 है। इन सभी नंबरों का मालिकाना हक नगर पालिका के पास है।
तकरीबन एक माह पहले इसमें पुरातत्व विभाग ने इमारत की मरम्मत और प्लास्टर करने का काम शुरू किया है। प्लास्टर भी आधुनिक सीमेंट का न होकर वही मैटीरियल प्रयुक्त किये जा रहे हैं जिनका प्रयोग आठ सौ साल पहले किया जाता रहा होगा, यानी चूना, उर्द की दाल, शीरा, केमिकल और गुड़ आदि के सम्मिश्रण से प्लास्टर मैटीरियल तैयार किया जा रहा है। बताया गया है कि इसकी मरम्मत में लगी टीम लखनऊ से आई है। विभाग से जुड़े राजमिस्त्री शोयेब बताते हैं कि इमारतों के संरक्षण के दौरान भरसक प्रयास यही रहता है कि इमारत का मूल स्वरूप यथावत् रहे।
इंसेट में-
इस इमारत को लेकर पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया का कहना है कि वस्तुतः इस इमारत और इसके आसपास की जमीन का मालिकाना हक पालिका के पास है लेकिन चूंकि यह पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है इसलिये उक्त विभाग को इसकी मरम्मत और इसे मूल रूप में संरक्षित करने के लिये पालिका के माध्यम से पत्राचार किया गया था और विभाग ने इस पर सदाशयता पूर्वक संज्ञान लेकर अपना काम शुरू किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऐतिहासिक इमारत के आसपास किये गये अतिक्रमण को भी खाली कराने का प्रयास किया जायेगा ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर की शुचिता बनी रहे।
इंसेट में-
पृथ्वीराज चैहान व परमाल के बीच हुये युद्ध का साक्षी है बारहखंभा
बुंदेलखण्ड के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहलुओं के बाबत गहराई से जानकारी रखने वाले यहां के इतिहास के जानकारों की अगर मानें तो दिल्ली सम्राट पृथ्वीराज चैहान और परमाल के बीच सिरसागढ़ जिसे मलखान के सिरसागढ़ के नाम से जाना जाता है, में घनघोर युद्ध हुआ था। बुंदेलों का आद्यस्थल मऊ मिहौनी कोंच तहसील अंतर्गत मुख्यालय से तकरीबन बीस किमी दूरी पर स्थित है। उस भीषण युद्घ के दौरान मलखान मारा गया था तथा पृथ्वीराज की सेना कोंच तक आ गई थी। उस सेना में पृथ्वीराज का सामंत चामुण्ड्यराय जिसे चैड़ियाराय के नाम से भी जाना जाना जाता था, कोंच आया था। पृथ्वीराज ने इस इलाके का प्रभार उसी को सौंप दिया था।
सिरसागढ़ संग्राम में पृथ्वीराज भी बुरी तरह घायल हो गया था अतः वह भी चैड़ियाराय के साथ कोंच आ गया था। पृथ्वीराज के विश्राम के लिये कोई उपयुक्त स्थान न होने के कारण उसकी सेना ने आस पास से शिलाखंड एकत्रित करके रातों रात एक ऊंचे टीले पर बारहखंभा का निर्माण किया था जो आज भी बड़ी माता मंदिर के सामने दृष्टव्य है। इस इमारत को देखने से ही साफ प्रतीत होता है कि अलग अलग प्राचीन भवनों की प्रयुक्त सामग्री का प्रयोग इसके निर्माण में किया गया है। इस बारहखंभा के दक्षिण पश्चिम में लगभग पचास एकड़ भूभाग को घेरते हुये चैड़ियाराय ने तालाब का निर्माण कराया था जो अतिक्रमण का शिकार होकर आज अपना अस्तित्व लगभग खो चुका है। बारहखंभा का निर्माण करते वक्त इस बात का विशेष ध्यान रखा गया था कि पृथ्वीराज चैहान की आराध्या मां भगवती के दर्शन उन्हें होते रहें इसलिये बड़ी माता मंदिर के ठीक सामने इस स्थल का चयन किया गया था। आठ सौ वर्ष प्राचीन इस बारहखंभा का विवरण शताब्दी भर पुरानी ऐतिहासिक किताब अमर कोष में भी मिलता है जिसके अनुसार इस स्थान को कूंच जिला हमीरपुर में स्थित होना बताया गया है। बारहखंभा के दक्षिणी पश्चिमी कोने पर पश्चिम की ओर एक बीजक नुमा पत्थर रखा गया है जिस पर पुरा अथवा सांकेतिक लिपि में कुछ उत्कीर्ण किया गया है जिसे फिलहाल अभी तक पढ़ा नहीं जा सका है। बारहखंभा अपने अस्तित्व को बनाये रखने के लिये काफी समय से संघर्ष कर रहा है लेकिन अपने होने वाले क्षरण को रोक पाने में वह अब जाकर कामयाब रहा है। एक एक करके इसके गुम्बद की काफी ईंटें निकल गईं हैं जिसके चलते इसका रूप बदरंग होने लगा था लेकिन पुरातत्व विभाग की इस नई पहल के बाद उम्मीद की जा सकती है कि पूरा एक ऐतिहासिक कालखण्ड अपने में आत्मसात् किये यह बारहखंभा अपनी मिटती जा रही काया को बचा पाने में सफल हो सकेगा।
फोटो-कोंच2-बारहखंभा की फाइल फोटो





Leave a Reply