09orai06 09orai05उरई। कुठौंद एसओ चंद्रशेखर दुबे ने 29 जुलाई को निजामपुर पुलिया के पास दंपत्ति से हुई लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। उन्होंने दो बदमाशों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया। वे एक मोटर साइकिल पर सवार थे जिसका नंबर फर्जी निकला। संदेह है कि मोटर साइकिल भी कहीं से चुराई या लूटी गयी है।
गौरतलब है कि 29 जुलाई को कुठौंद से अपनी पत्नी का इलाज कराकर लौट रहे वावली निवासी विजय बहादुर सिंह को निजामपुर की पुलिया के पास अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर लूट लिया था। वे 4500 रुपये नगद, उनका एटीएम, विजय बहादुर सिंह की पत्नी अमृता सिंह का मंगलसूत्र लूट ले गये थे। बदमाशों की जानकारी न होने से विजय बहादुर सिंह ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा लिखाया था। कुठौंद एसओ चंद्रशेखर दुबे ने इस मामले में गहन पड़ताल करके लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता लगा लिया। इन बदमाशों को उन्होंने मदारीपुर तिराहे के पास उस समय दबोच लिया जब वे एक मोटर साइकिल से कहीं जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गये बदमाशों में गुडडू उर्फ जाकिर खां बंगरा का और मुनेंद्र भदौरिया दमरास का निवासी है। दोनों के खिलाफ पहले से कई अभियोग पंजीकृत हैं। जामा तलाशी में इनके पास से एक-एक तमंचा मिला। साथ ही लूट की रकम में से 400 रुपये नगद, मंगलसूत्र और एटीएम भी बरामद हुआ है।
दोनों प्लेटिना मोटर साइकिल पर जा रहे थे। जिस पर दर्ज नं. यूपी 92 क्यू 8135 एआरटीओ कार्यालय से सत्यापित कराये जाने पर फर्जी निकला। बदमाशों ने बताया कि उक्त मोटर साइकिल उन्होंने जालौन के एक व्यक्ति से खरीदी थी। इसे लेकर आगे पड़ताल की जा रही है कि यह मोटर साइकिल कहां से लूटी या चुराई गई थी। पुलिस अधीक्षक ने चंद्रशेखर दुबे और उनकी टीम को इस अनावरण के लिए शाबाशी देते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की।

Leave a Reply