cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। बहू की दहेज हत्या में जेल में बंद महिला की बीमारी के कारण गुरुवार को मौत हो गई जिसके बाद जेल के अंदर हड़कंप मच गया। उधर मृतका के घरवालों का कहना है कि उनकी मौत के लिए जेल प्रशासन जिम्मेदार है। घरवाले उनकी मौत के पीछे षड़यंत्र की भी आशंका जाहिर कर रहे हैं।
जिला जेल में आज श्रीमती ब्रहमादेवी उर्फ सुनीता देवी (55वर्ष) पत्नी बृजमोहन की बीमारी के कारण मौत हो गई। उन्हें निढाल होते ही आनन-फानन में जेल प्रशासन ने मेडिकल काॅलेज पहुंचा दिया। जहां उन्हें विधिवत मृत घोषित कर दिया गया। ब्रहमा देवी को गत् 13 मई को उनके पति के साथ बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जेल भेजा गया था। उनके पति कुछ दिनों पहले जमानत पर रिहा होने के बाद दिल्ली में आईटीबीपी में डयूटी पर चले गये थे।
घरवालों का कहना है कि ब्रहमा देवी गिरफ्तारी के समय भी शुगर की बीमारी से गंभीर रूप से पीड़ित थी। उनकी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सीजेएम अदालत ने पहले 22 जुलाई को और इसके बाद दोबारा 28 जुलाई को उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल कराने का फरमान जेल प्रशासन के लिए जारी किया था। लेकिन जेलर ने दुराशय के तहत इस पर अमल करना जरूरी नही समझा। इस बीच 10 अगस्त को हाईकोर्ट ने उनकी जमानत मंजूर कर ली। आज जमानत भरवाकर उन्हें रिहा किया जाना था, इसके पहले ही हुई मौत को लेकर उनके परिजनों का कहना है कि यह जेल प्रशासन की दूसरी पार्टी से मिलकर रची गई साजिश का नतीजा है। हालांकि जेलर ने इससे इंकार किया है।

Leave a Reply