उरई। निगरानी समिति की बैठक हंगामी रही। बैठक में सांसद व विपक्षी विधायकों के साथ-साथ सपा विधायक दयाशंकर वर्मा ने भी निर्माण एजेंसियों पर अंकुश न हो पाने की बात कहकर प्रकारान्तर से अधिकारियों पर पकड़ के मामले में सरकार की सक्षमता पर सवालियां निशान की हालत पैदा कर दी। हालांकि चर्चा के दौरान सपा विधायक और बसपा विधायक में कोंच की सड़क को लेकर हल्की नोकझोंक भी हो गई। सदर विधायक दयाशंकर वर्मा ने कहा कि वे कोंच की खराब सड़क के पुनर्निमाण के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे। उन्होंने जल्द ही कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। इस पर बसपा विधायक संतराम कुशवाहा बोले तो क्या इस आश्वासन पर तब अमल होगा जब सरकार का कार्यकाल खत्म हो जायेगा। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि तत्काल इस पर कार्य की जरूरत है। लेकिन सरकार काम की बजाय केवल आश्वासनों का लाॅलीपाप दे रही है।
विकास भवन में सांसद भानु प्रताप वर्मा की अध्यक्षता में सतर्कता एवं निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, खंड-2 और खंड-3 के अधिशाषी अभियंता नदारत रहे। भूमि संरक्षण विभाग के एक जेई भी अनुपस्थित रहे। डीएम संदीप कौर ने चारों का वेतन काटने का फरमान सुना दिया। इसी दौरान जालौन-उरई फोरलैन के कालपी रोड पर हो रहे मिटटी के कार्य में घपलेबाजी की शिकायत माधौगढ़ विधायक संतराम कुशवाहा ने की। धंतौली मार्ग और उरई-कोंच मार्ग की रिपेयरिंग के लिए मिले 90 लाख रुपये कागजों में खर्च कर लिये जाने से इन मार्गों की दुर्दशा में कोई सुधार न आने का मुददा भी उठाया गया। सदर विधायक दयाशंकर बोले कि राज्य सरकार तो जिले में सड़कों की दशा में सुधार के लिए भरपूर बजट मुहैया करा रही है लेकिन रोना यह है कि अभियंता नही सुधर रहे जिससे लोगों को उतनी राहत महसूस नही हो रही जितना होना चाहिए। गुढ़ा पंप कैनाल की मरम्मत के लिए दो करोड़ रुपये खर्च किये जाने का मुददा भी उठा। सांसद प्रतिनिधि अनिरुद्ध मिश्रा द्वारा इसका हिसाब-किताब मांगने पर लिफ्ट कैनाल के अभियंता जबाव देने में लड़खड़ा गये। हीरा का पुरा के चैकडैम पर 80 लाख रुपये की लागत से बना रपटा बह जाने के मामले में डीएम ने जांच के आदेश जारी किये। यह रपटा लोक निर्माण विभाग ने बनवाया है। विधायक संतराम कुशवाहा का कहना था कि उन्होंने खुद दो बार रपटा के घटिया निर्माण की शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। वे बोले कि जनप्रतिनिधियों की शिकायत को तबज्जो नही दी जाती तो आम आदमी की विसात क्या है। इसी कारण अभियंता इतने निरंकुश होकर काम कर रहे हैं।
अकनीबा में 20 साल पहले बनी टंकी आज तक इस्तेमाल न होने से खड़ी-खड़ी कंडम होने की स्थिति में पहुंच जाने का मामला जनप्रतिनिधियों ने रखा। इस पर डीएम बोली कि हर टंकी का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने लापरवाही को लेकर जल निगम के अधिशासी अभियंता से नाराजगी दिखाई।
सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में मुख्य रूप से बसपा विधायक संतराम कुशवाहा छाये रहे। उन्होंने हैंडपंपों के रीबोर के मामले में बताया कि बीएसए से स्कूल के खराब हैंडपंपों की सूची उन्होंने जल निगम को जांच के लिए भेजी थी। इनमें से कई हैंडपंप छोटी-मोटी मरम्मत से ठीक हो जाते लेकिन जल निगम ने पूरी सूची बजट हड़पने के लिए रीबोर कराने की संस्तुति के साथ अग्रसारित कर दी। डीएम ने इस मामले में भी जांच के आदेश भी जारी किये।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड द्वारा प्रधानमंत्री सड़क योजना की दो रोडों का लोकार्पण पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी से कराने को लेकर सांसद भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि यह उनके विशेषाधिकार हनन का मामला है। डीएम इसे संज्ञान में लेकर कार्रवाई करें।






Leave a Reply