0 जन संघर्ष मोर्चा 17 अगस्त को उरई में कर रहा है धरना प्रदर्शन
कोंच-उरई। पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके कोंच-उरई मार्ग के निर्माण को लेकर पहले भी आंदोलन कर चुका जन संघर्ष मोर्चा अब 17 अगस्त को जिला मुख्यालय पर फिर सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार कर चुका है। मोर्चा के इस व्यापक जनहित कार्य में भाजपा ने अपना नैतिक समर्थन देने की घोषणा करते हुये कहा है कि उक्त आंदोलन में भाजपा के लोग न सिर्फ बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी निभायेंगे बल्कि इस रोड पर पडने बाले गांवों के प्रधानों तथा आम जनता के लोगों से भी उरई पहुंचने की अपील के साथ उनसे संपर्क साध रहे हैं।
यहां माई होम स्कूल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा नगर इकाई ने आंदोलन में शिरकत करने की स्वीकारोक्ति करते हुये कहा है कि यह तो उनका जन संघर्ष मोर्चा को नैतिक समर्थन है ही, भाजपा अपने स्तर से भी इस तरह के आंदोलन खड़े करेगी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन व नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया है कि कोंच-उरई रोड की जर्जर हालत की स्थिति यह है कि यहां सामान्य आवागमन बंद हो चुका है और कोंच तहसील मुख्यालय से जिला मुख्यालय उरई का सीधा संपर्क कट चुका है। इस रोड पर पडने बाले गांवों के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और आम लोगों में सरकार के प्रति गुस्सा है। गुजरे चार सालों में रोड की मरम्मत तक नहीं कराई गई है जिसके चलते रोड चलने लायक भी नहीं रह गया है। हालत यह है कि बस संचालक भी कब बसों का संचालन करने से हाथ खड़े कर दे, कुछ कहा नहीं जा सकता है क्योंकि पूर्व में एकदिनी बंद के दौरान बस संचालक इसकी घोषणा कर भी चुके हैं। इस दौरान सुनील शर्मा, नरेश वर्मा, अनिल अग्रवाल, सुनीलकांत तिवारी, सर्वेश निरंजन, मुन्ना पटेल, दशरथ पटेल, धर्मेन्द्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
भाजपा की तिरंगा यात्रा 16 से 22 अगस्त तक
केन्द्र सरकार की उपलब्धियां आम जनता तक पहुंचाने के लिये भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला लिया है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन एवं नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से जानकारी दी है कि 16 से 22 अगस्त तक निकाली जाने बाली तिरंगा यात्रायें हर बूथ तक पहुंचेंगीं। यात्राओं का उद्देश्य आम लोगों को केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बताना है। उन्होंने यह भी बताया कि कोंच नगर में यात्रा प्रभारी सुनीलकांत तिवारी को बनाया गया है जबकि मंडल प्रभारी सर्वेश निरंजन पनयारा को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर में चार सेक्टर तथा ग्रामीण मंडल में नौ सेक्टर बनाये गये हैं, एक सेक्टर में दस बूथ शामिल हैं। 22 अगस्त को कोंच ग्रामीण मंडल द्वारा बाईकों से महारैली ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली जायेगी। ग्राम बाबूपुरा में 14 अगस्त दोपहर 12 बजे शहीद रामसेवक जाटव सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा।






Leave a Reply