0 सावन में अपने पिता के घर आई थी युवती
cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। चुर्खी थाना के ग्राम गोरा में गत दिवस आपसी रंजिश के चलते कुछ दबंग लोग किसान के घर मे जबरन घुस गये और अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। जिसमें किसान की पुत्री के कंधे में गोली लग गई और वह बुरी तरह घायल हो गयी। परिजनों ने उसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सिरसा थाना के ग्राम पिथऊपुर निवासी सुमित की पत्नी पूजा सावन में अपने पिता के घर गोरा आई हुई थी। दो दिन पूर्व युवती अपने पिता के घर में काम कर रही थी तभी ग्राम गोरा निवासी रामजी सिंह, तेज सिंह व लल्लन सिंह असलहा लेकर उसके घर में जबरन घुस गये और पुरानी रंजिश को लेकर उसके पिता को गाली-गलौज करने लगे। जब पूजा और उसके घरवालों ने दबंगों का विरोध किया तो रामजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। जिससे गोली पूजा के कंधे में जा लगी और वह अचेत होकर मौके पर गिर पड़ी। दबंग ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मौके से भाग गये। परिजनों ने घायल महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया और घायल युवती ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने घायल की तहरीर पर रामजी व उसके दो साथियों के विरुद्ध धारा 307, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा चुर्खी थाना में दर्ज कर लिया।

Leave a Reply