कोंच-उरई। कोंच की सांस्कृतिक विरासत साढे सोलह दशक पुरानी रामलीला का 164वां महोत्सव शुरू होने में अभी लगभग एक माह का समय है लेकिन रामलीला समिति के 27 अगस्त को प्रस्तावित चुनाव के लिये दावेदारों ने हाथ पैर फेंकना शुरू कर दिये हैं।
गल्ला व्यापारियों की नगर की सबसे बड़ी धार्मिक संस्था श्रीधर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा संचालित कोंच के ऐतिहासिक रामलीला के 164वें महोत्सव का आगामी 26 सितंबर से शुभारंभ हो रहा है। महोत्सव को सानंद सम्पन्न कराने के लिये धर्मादा के द्वारा हर साल रामलीला समिति का चुनाव कराया जाता है जो 27 अगस्त को प्रस्तावित है। मिली जानकारी के मुताबिक इच्छुक दावेदारों को 26 अगस्त की शाम तक धर्मादा के कोषाध्यक्ष के पास अपने आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ जमा कराने हैं। चुनाव को लेकर गल्ला मंडी में सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इच्छुक दावेदारों ने आवेदन करने का सिलसिला तेज कर दिया है। ताजा जानकारी के मुताबिक दो जोड़ों ने आवेदन भी कर दिये हैं। 27 अगस्त को गल्ला मंडी में लॉटरी सिस्टम से अध्यक्ष और मंत्री का चुनाव होगा, शेष पदाधिकारियों का चुनाव अध्यक्ष और मंत्री अपने विवेक से ऐसे लोगों का करते हैं जिनका रामलीला के आयोजन में सक्रिय योगदान रहता है।






Leave a comment