25orai01(डाॅ. राकेश द्विवेदी की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)
उरई। यूपी में कांग्रेस के तारणहार की भूमिका संभाल रहे पीके की टीम ने दो दिन तक जिले में खुफिया तौर पर मुकाम किया। जिसकी हवा किसी को नही लग पाई। पीके टीम के इस मिशन का मकसद प्रदेश कांग्रेस के दिग्गजों के साथ राहुल गांधी की उरई में विशाल सभा आयोजित कराने के लिए जमीन तैयार करना था। पीके टीम ने उरई को ऐसे सेंटर के रूप में चिन्हित किया है जहां की सभा से जालौन जिले की तीनों सीटों के अलावा हमीरपुर, महोबा आदि पड़ोसी जिलों की सीटों पर भी कांग्रेस के पक्ष में जोरदार माहौल बनाया जा सकता है।
कांग्रेस की सूखी जमीन में जान डालने के लिए विशेष किस्म का खाद पानी लगाने में जुटी प्रेमकिशोर (पीके) टीम दो दिनों तक गोपनीय दौरे पर जिले में मुकाम करती रही। टीम ने बिना किसी को कुछ कहे बताये रोड शो और जनसभा के बिंदुओं को चिन्हित कर उसकी रिपोर्ट तैयार की और दिल्ली के लिए रवाना हो गई। रोड शो में राहुल गांधी, शीला दीक्षित प्रमुखता से शामिल रहेंगे।
पीके टीम का दौरा इतना गोपनीय रहा कि स्थानीय नेताओं तक को इसकी कानों-कान खबर नही हुई। चार सदस्यीय यह टीम पहले कालपी पहुंची, कालपी की पार्टी विधायक उमाकांति की लोकप्रियता, लक्ष्मीबाई से जुड़ी यादों से मिलने वाले फायदे तथा रोड शो की उपयोगिता को समझा गया। हालांकि कोंच रोड पर की गई मशक्कत पीके टीम को बेकाम लगी। तय हुआ है कि रोड शो मेडिकल काॅलेज से शुरू किया जायेगा जो दलित और मुस्लिम आबादी से खासतौर पर गुजरेगा। रोड शो में स्वयं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में घोषित शीला दीक्षित, प्रदेश प्रभारी गुलाम नवी आजाद और कांगे्रस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर शामिल रहेंगे। रोड शो के बाद उरई में जनसभा भी होगी। इस कार्यक्रम की डेट अभी तय नही हो पाई है। लेकिन सूत्रों ने बताया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में यह कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है।
होटल में नही दी कोई आईडी
पीके टीम जालौन रोड स्थित एक होटल में रुकी रही। होटल मैनेजर की ओर से जब उनसे आईडी मांगी गई तो उन्होंने गैर राजनैतिक व्यक्ति के मार्फत इसे मैनेज किया। अपनी आईडी उन्होंनें इसलिए नही दी कि कहीं उनके मिशन का भेद उजागर न हो जाये।
दूसरी टीम लेने आयेगी परमीशन
अब एक दूसरी टीम रोड शो और जनसभा के लिए प्रशासनिक अनुमति लेने आयेगी। यह टीम सितंबर के महीने में कभी भी आ सकती है। यही टीम होटलों आदि में ठहरने का बदोंबस्त भी करेगी। करीब पांच सौ खास कार्यकर्ताओं को ठहराने के लिए सभी सुविधाओं से लैस तंबू तनवाये जायेगें। यह शामियाना बाहर से मंगवाया जायेगा।

Leave a comment