उरई। जेल से फरार मोस्ट वांटेड को स्वाॅट टीम ने आटा पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जालौन कस्बे के मोहल्ला चिमनदुबे का निवासी संजय दुर्दांत अपराधी है। जिसके खिलाफ लगभग एक दर्जन संगीन मुकदमें कायम हैं। वह गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध रहने के दौरान जेल से फरार हो गया था। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
स्वाॅट टीम प्रभारी मोहम्मद आरिफ को गत् दिनों संजय की लोकेशन आटा थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। उन्होंने आटा थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा के साथ घेराबंदी की। इस दौरान भभुआ मजार के पास खड़े होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहे संजय पर पुलिस अधिकारी अचानक टूट पड़े। भागने का कोई चारा न देख उसे अपने को पुलिस के हवाले करने के लिए मजबूर होना पड़ा। गिरफ्तारी के समय संजय के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा भी मिला।
एसपी ने संजय की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।






Leave a comment