0 चमरसेना में विधिक साक्षरता शिविर में दी गईं कानूनी जानकारियां
कोंच-उरई। ग्रामीणों को कानून की मोटी मोटी जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तहसील विधिक प्राधिकरण के तत्वाधान में ग्राम चमरसेना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें जेएम वीके कटियार ने महिलाओं के प्रति होने बाली घरेलू हिंसा के बाबत जानकारी देते हुये बताया कि महिलायें इस हिंसा का डट कर मुकाबला करें और महिलाओं के लिये बनाये गये हिंसा संरक्षण कानून की मदद लें।
तहसील स्तरीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन ग्राम चमरसेना में आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए सिविल जज जूनियर डिवीजन विजय कुमार कटियार ने लीगल एड, घरेलू महिला हिंसा संरक्षण कानून, मोटर वाहन अधिनियम, न्यायालयों में बढते वादों की संख्या एवं उनके कारण, अवयस्क को पाबंद किए जाने का निरोध, सम्पत्ति क्रय-विक्रय में सावधानी, एफआईआर दर्ज कराने में ध्यान रखने योग्य तथ्यों व अन्य विधिक प्रावधानों से जन साधारण को अवगत कराया। शिविर में समिति के सचिव तहसीलदार कोंच भूपाल सिहं ने कृषि बीमा दुर्घटना, आम आदमी बीमा योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, शिक्षा अधिकार अधिनियम, स्थानीय झगड़ों के निराकरण में ग्राम राजस्व समिति की भूमिका, मतदाता पंजीकरण अभियान पर आवश्यक जानकारी उपस्थित ग्रामीणों को उपलब्ध कराई। वरिष्ठ अधिवक्तागण विजय नारायण निगम व ओमप्रकाश कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार ओपी उदैनिया, अंजनी श्रीवास्तव, राजेन्द्र निरंजन, रामशंकर छानी, एसआई जयवीर सिंह व अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने विभिन्न सामाजिक व कानूनी मुद्दों पर अपने सार्थक विचार व्यक्त किए।




Leave a comment