उरई। रामपुरा में बिजली विभाग के गैर जिम्मेदाराना रवैये की वजह से देवी प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के समय भीषण अनर्थ होते-होते टला। जुलूस पर बिजली की जर्जर लाइन टूटकर गिर पड़ी जिससे हालांकि लोग तो हताहत नही हुए लेकिन ट्रैक्टर पर रखी देवी प्रतिमा में तारों से निकली चिंगारी की वजह से आग लग गई नतीजतन भगदड़ मचने लगी।
रामपुरा में बिजली की लाइन लंबे समय से जर्जर है। जिसे ढांचागत कायाकल्प के लिए विभाग को भारी भरकम बजट मिलने के बावजूद आज तक बदलवाया नही गया है। यह लाइन अक्सर टूटकर गिर जाती है इसे ध्यान में रखकर देवी प्रतिमाओं की शोभा यात्रा के आयोजकों ने जुलूस के समय आपूर्ति बंद कर देने का अनुरोध बिजली विभाग से किया था। लेकिन बिजली विभाग ने खतरे को जानते हुए भी इस अनुरोध को गंभीरता से नही लिया।
होली मोड़ के पास से जब शोभा यात्रा गुजर रही थी तो विद्युत लाइन टूटकर गिरने लगी। उस समय लाइन में करंट दौड़ रहा था। जिससे तार गिरते ही उनसे चिंगारियां छूटी और बदहवास होकर लोग भागने लगे। गनीमत यह रही कि लाइन किसी भक्त को टच नही हो पाई वरना जनहानि भी हो सकती थी। हड़बड़ाये लोगों ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर नाराजगी जताई तो आनन-फानन में सप्लाई बंद की गई। इसके बाद लोगों ने दौड़कर आग पर पानी डालकर उसे बुझाया तब कहीं शोभा यात्रा आगे बढ़ी।







Leave a comment