उरई। गत् 24 अक्टूबर को कुठौंद थाना क्षेत्र मे कुरौली के पास सर्राफ से हुई लूट के मामले का खुलासा हो गया है। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह ने इस सिलसिले में आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किये जाने की जानकारी दी। गौरतलब है कि उक्त मामले के खुलासे में हो रही देरी की वजह से दो दिन पहले एसपी ने तत्कालीन थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे को लाइन हाजिर कर दिया था। उनके इन तेवरों के बाद कुठौंद पुलिस में हड़कंप मच गया नतीजतन वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने पूरी जान लगा दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्होंने इस खुलासे की जिम्मेदारी अपने पीआरओ बलवीर सिंह को सौंपी थी। जिन्होंने सुरागरशी करके अभियुक्तों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल कर ली। इसके बाद कुठौंद थाने के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व अन्य फोर्स को साथ लेकर उन्होंने ऐकों श्रमदान से गोहन जाते समय इन बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर बच निकलने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने प्रभावी तरीके से जबावी कार्रवाई करके उनकी कोशिश को विफल कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अलीबाबा उर्फ बली, जितेंद्र उर्फ चैधरी, राजबाबू निवासीगण जगनेवा, रविकांत दोहरे निवासी कंझारी और सोनू उर्फ राधाबल्लभ निवासी रजपुरा थाना गोहन शामिल हैं। वारदात के समय उक्त बदमाश जिन मोटर साइकिलों पर आये थे वे भी संभवतः चोरी की थीं। जिन पर नंबर प्लेट भी नही थी। इसी में से एक पल्सर मोटर गाड़ी से बाद में उन्होंने गोहन थाना अंतर्गत कुरसेड़ा के पास एक दंपत्ति को भी लूटा। इसके अलावा गढ़र में इन बदमाशों ने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में चोरी की थी। कुठौंद में इन बदमाशों ने सुशील कुमार चतुर्वेदी का मकान किराये पर ले रखा था जिसमें यह लोग चोरी का माल रखते थे। इनके कब्जे से 315 बोर के चार तमंचे, लूट के जेवर, साढ़े चार हजार रुपये नगदी व अन्य सामान बरामद किया गया है। एसपी ने खुलासे में शामिल टीम को पांच हजार रुपये के नगद पुरस्कार से नवाजा।







Leave a comment