16orai12उरई। प्रदेश के श्रम राज्य मंत्री जगदेव सिंह यादव ने बुधवार को इकलासपुरा स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने कड़क चाय देश को पिलाने की डींग हांकी है लेकिन नोट बंदी का उनका फैसला वास्तविक अर्थों में कड़क जहर पिलाने जैसा है।
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के साथ पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और सेवा निवृत्त सीएमएस डाॅ. बीबी आर्या की मौजूदगी दिलचस्प रही। उनके अलावा महेश द्विवेदी सर, जयशंकर द्विवेदी, मधुप्रकाश श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे। जगदेव सिंह यादव ने बताया कि पंजीकृत मजदूरों के लिए प्रदेश में जन्म से मृत्यु तक लाभ देने की कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। कार्यस्थल पर मृत्यु की स्थिति में मजदूर के आश्रितोें को पांच लाख रुपये, विकलांग होने पर दो लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के मजदूरों को 1000 रुपये महीने पेंशन दी जा रही है। अगले महीने से उनको राशन देने का इंतजाम भी कर दिया गया है।
मंत्री ने बताया कि मजूदरों के बच्चों के लिए राज्य सरकार 40 विद्यालय खोलने जा रही है। तीस लाख पंजीकृत मजदूरों में पांच लाख मजदूरों को साइकिल वितरण कराया जा चुका है। बाल मजदूरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार को इसकी जानकारी है लेकिन कोई शिकायत नही करता जिससे कार्रवाई नही हो पाती। नोट बंदी के फैसले को उन्होंने जनता पर अत्याचार कहा। जगदेव सिंह यादव ने कहा कि इससे किसान, मजदूर सभी परेशान हैं जबकि काला धन इकटठा करने वाले मौज में हैं।

Leave a comment