17orai07उरई। तहसील उरई के ग्राम मगरायां के गरीब ग्रामीण बेहद परेशान हैं। उन्हें प्रधान और कोटेदार के शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। गुरुवार को उन्होंने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
पीड़ितों में से एक शांति देवी ने बताया कि 2015 तक उसे अंत्योदय कार्ड के तहत राशन मिल रहा था लेकिन कोटेदार रामसिया द्वारा की गई मनमानी छटनी के नतीजे में उसका नाम सूची से हटा दिया गया और रामसिया ने अपने चहेते को उसके स्थान पर चढ़ा दिया। शांति के मुताबिक इसकी वजह से निर्धनतम होने के कारण उसकी हालत अत्यंत दयनीय हो गई है। शांति का यह भी आरोप है कि रामसिया आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है इसके खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हैं। इसलिए आसानी से उसके खिलाफ कोई मुंह नही खोल पाता।
एक अन्य शिकायती पत्र में रघुवीर सिंह, प्रवीण कुमार, रामचरन, सीता देवी, कुंअरलाल, प्रेम सिंह, रामदेवी, अंजू आदि ने बताया कि कोटेदार और प्रधान की सांठगांठ से उनके नाम पहले भी अंत्योदय सूची से काट दिये गये थे। जिन्हें अधिकारियों से शिकायत करने पर बहाल किया गया था। अब फिर यही हरकत की गई है। नतीजतन उनको कालोनी और शौचालय के लिए अनुदान नही मिल पा रहा है। फरियादियों ने प्रधान की मनमानी पर रोक लगाकर उनके नाम फिर अंत्योदय सूची में जुड़वाने का आग्रह किया जिसके बाद एडीएम ने पूर्ति विभाग को जांच के आदेश कर दिये हैं।

Leave a comment