17orai01उरई। कुठौंद और रामपुरा के सीमावर्ती क्षेत्र से एक युवक के अपहरण की सनसनी का आज पटाक्षेप हो गया। युवक अपने मन से मित्र के पास औरैया चला गया था। घरवालों को फर्जी काॅल करके उसने अपहरण का नाटक किया जिससे बीहड़ का समूचा जनजीवन और पुलिस प्रशासन दो दिन तक हलकान रहा।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 15 नवंबर को रामपुरा थाना क्षेत्र के लिड़उपुर का निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र श्याम सिंह उर्फ लालू बिलौहा से गेंहूं पिसाकर मोटर साइकिल से लौटते समय गायब हो गया था। उसने बाद में अपनी बहन को मोबाइल पर काॅल करके ऐसा आभास दिया जैसे वह बदमाशों के चंगुल में हो। अपहरण उद्योग के फिर बहाल होने की इस आहट से समूचा क्षेत्र थर्रा गया। पुलिस भी बुरी तरह परेशान होकर बदमाशों के सर्च आॅपरेशन में जुट पड़ी। बुधवार को कई थानों की पुलिस पूरे दिन सारा काम-धाम छोड़कर सिर्फ बीहड़ों की खाक छानती रही।
बाद में पता चला कि श्याम सिंह स्वेच्छा से औरैया मे अपने मित्र पुष्पेंद्र के पास है। हालांकि पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी यमुना के शेरगढ़ घाट पुल पर दिखाई है। एसपी ने पत्रकार वार्ता में श्याम सिंह को भी पेश किया जिसने अपहरण के झूठ को कबूल करते हुए बताया कि उसकी भाभी उसे बेवजह जलील करती थी जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया था। उसके पास औरैया पहुंचने पर केवल एक हजार रुपये थे। पंप पर उसने यह नोट देकर पेट्रोल भरने को कहा तो उसने पूरा हजार रुपये का पेट्रोल जबर्दस्ती भर दिया। इसकी वजह से वह परेशान हो गया। वह मोटर साइकिल से आवारगी करता रहा और जब पेट्रोल खत्म होने पर हुआ तो वह वापस लौटते समय शेरगढ़ पुल पर पुलिस के जाल में फंस गया। उसे 182 के तहत जेल भेज दिया गया है।

Leave a comment