उरई। रामपुरा क्षेत्र में सुदूरवर्ती होने का लाभ उठाकर शुरू की गई अवैध खनन की कारगुजारी गैंगवार में गोली चल जाने के बाद सुर्खियों में आ गई। जिससे आज पुलिस को हरकत में आना पड़ा। पूरे फौजफाटा के साथ बिल्हौड़ में घाट पर छापा मारी करने पहुंचे रामपुरा थानाध्यक्ष प्रभुनाथ को देखकर खनन माफियाओं के कारिंदे भाग निकले। मौके से पुलिस ने 28 खाली ट्रक सीज किये हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिले भर में खनन पर लगाम लगा दी गई है लेकिन रामपुरा का बीहड़ी पचनद क्षेत्र दुर्गम है जहां पर खनन माफियाओं ने अपने दांत गड़ा दिये थे। एक दिन अलग-अलग माफिया यहां वर्चस्व को लेकर जंग पर उतारू हो गये जिसमें गोलियां भी चलीं। इसके बाद पूरे जिले में इस खनन का शोर हो गया और नतीजतन उच्चाधिकारियों का दबाव पड़ने पर रामपुरा पुलिस ने एक्शन लिया। बताया जाता है कि खनन के लिए जेसीबी मशीन और पोकलैंड इस्तेमाल की जाती है। लेकिन पुलिस छापेमारी में इन्हें नही पकड़ा जा सका। कोई भरा मौरंग ट्रक भी पकड़ में नही आया। लेकिन 28 ट्रकों की बड़ी जब्ती से खनन कराने वालों में तहलका मच गया है।







Leave a comment