उरई। शीतलहर से बढ़ी सर्दी अब किसानों की जिंदगी के लिए काल बन चुकी है। निपनियां के किसान की मौत का गम क्षेत्र के लोग भूल नहीं पाये थे कि शनिवार की रात में न्यामतपुर में सर्दी ने और किसान की जान ले ली। वह भी अपने खेतों की रखवाली कर रहा था। सुबह जब परिजन खेतों पर गये तो किसान को मृत देखकर बिलख पड़े। सिरसा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम न्यामतपुर का पचास वर्षीय किसान जयप्रकाश पुत्र गोपचरन खेतों की रखवाली के लिए रात में खेतों पर ही सोता था। शनिवार को भी घर से खाना खाने के बाद वह खेतों की रखवाली के लिए गया था। रात में वह खेतों में बनी मड़ेया में सो गया। सुबह जब वह घर नहीं आया तो आवाज लगाकर जयप्रकाश को बुलाया लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो उसने देखा कि भाई का सांसें थम चुकी थीं। भाई को मृत देख वह बदहवास होकर चिल्लाने लगा। मृतक के घरवालों को जब पता चला कि घर के मुखिया की सर्दी लगने से मौत हो गयी तो पूरा परिवार रोते बिलखते खेतों पर ही पहुंच गया। पिता की मौत से 15 वर्षीय राधा, 13 वर्षीय दीपिका व छोटे पुत्र व पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था। सिरसा कलार थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो दिन पहले निपनिया में भी एक किसान की मौत हो गयी थी। अब सर्दी किसानों के लिए काल बनती जा रही है। उप जिलाधिकारी संजय सिंह ने कहा कि परिवार की मदद के लिए अनुमन्य सहायता दिलायी जायेगी।






Leave a comment