उरई। आटा थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर इटौरा में रविवार को एक युवती संदिग्ध हालात में जल गई। नाजुक हालत में परिवार वाले उसे जिला अस्पताल लेकर आये। जहां से उसको तत्काल मेडिकल कालेज झांसी के लिये रेफर कर दिया गया, परंतु रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। मामले को आत्महत्या के नजरिये से देखा जा रहा है।
ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी अमित कुमार और उसके पिता खेत में काम करने के लिये गये थे, जबकि उसकी मां दूध लेने गयी थी। घर में पत्नी ज्योति (23) अकेली थी। साढ़े दस वजह के आसपास उसके घर की तरफ से भयंकर धुआं उठता दिखाई दिया। घर के भीतर से आग की लपटों में घिरी ज्योति के चीखने की आवाज आ रही थी। मोहल्ले को लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर भीतर पहुंचकर आग बुझाई तब तक ज्योति बुरी तरह से जल चुकी थी। इस बीच उसके परिवार वाले भी मौके पर आ गये। आनन-फानन उसे इलाज के लिये जिला अस्पताल लाया गया। जहां से बाद में उसको मेडिकल कालेज झांसी के लिये रिफर कर दिया गया। नब्बे फीसदी जल जाने के कारण रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच कर रही है कि किन हालातों में आग लगी थी, मामले को आत्महत्या के नजरिये से देखा जा रहा है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि मायके वालों द्वारा तहरीर दिये जाने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment