उरई। समाजवादी युवजन सभा के नये जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह यादव रविवार को जब तक पूरे जोश खरोश के साथ जलवा दिखाने के लिए गृह जनपद में लौटे तब तक शीर्ष स्तर पर पार्टी का मंजर ही बदल चुका था जिससे सपा के तमाम बड़े नेता कशमकश की हालत की वजह से भूमिगत जैसे होने को मजबूर हो गये थे। खुद शिवेंद्र प्रताप सिंह यादव के मनोबल पर भी पार्टी के नये घटनाक्रम का प्रभाव पड़े बिना नही रहा था। इसके बावजूद उन्होंने जिले में धूमधड़ाकें के साथ इंट्री करके अपना माहौल बनाने का सफल प्रयास दिखाया।
लगभग चार दर्जन चार पहिया वाहनों व दो सैकड़ा बाइक सवारों के जुलूस के साथ उन्होंने पूरे शहर में मुख्य मार्गों का भ्रमण किया। कई जगह माल्यार्पण कर उनके स्वागत का इंतजाम किया गया था। अलबत्ता उनके जुलूस में वरिष्ठों के नाम पर केवल तेजप्रताप यादव रहे। युवा कार्यकर्ताओं में प्रशांत यादव, पुष्पेंद्र यादव, रामकरन, मोहित सोनी, रघ्घू कुशवाहा, रामकुमार यादव और श्याम यादव के नेतृत्व में शिवेंद्र जिंदाबाद के नारों की गूंज जुलूस में होती रही। बाद में शिवेंद्र प्रताप सिंह यादव ने इकलासपुरा स्थित पार्टी कार्यालय में पहुंचकर पत्रकार वार्ता की। इसमें उन्हें शीर्ष स्तर की धड़ेबाजी में अपने पक्ष से जुड़े सवालों पर धर्म संकट का सामना करना पड़ा।






Leave a comment