उरई। चुनाव आयोग के आदेशों की आड़ में पुलिस के भ्रष्ट दरोगाओं को उगाही और उत्पीड़न का लाइसेंस मिल गया है। जिले में चैकिंग पर लगाये गये दरोगा लूट-खसोट मचाने में जुटे हैं जिससे जन असंतोष उबल रहा है और चुनाव आयोग की साख को धक्का पहुंच रहा है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर वाहनों की चैकिंग में भ्रष्ट दरोगा मनमानी पर उतारू हो गये हैं। गुरुवार की शाम जालौन रोड पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब चैकिंग कर रहे दरोगा मुकेश कुमार सिंह ने लूट-खसोट का ताडंव मचा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उक्त दरोगा द्वारा वाहनों को रोककर उत्पीड़नात्मक रवैया अपनाया जा रहा था। इस दौरान आतंकित होकर कई वाहन चालकों को मुसीबत से बचने के लिए उसे नजराना देकर संतुष्ट करना पड़ा। उसके साथ कैमरा मैन भी अधिकारी की भूमिका निभा रहा था। वह दरोगा के इशारे पर इस तरह से कैमरे का इस्तेमाल शिकार पर करता था जिससे उसे भयभीत किया जा सके।
चैकिंग के बहाने इस मनमानी की शिकायत चुनाव आयोग को पहुंचा दी गई है। एसपी का भी ध्यान आकर्षित कराया गया है कि वे दरोगाओं के इस तरह की कारगुजारी पर लगाम लगायें तांकि चुनाव आयोग की छवि खराब न हो पाये। उधर डीएम से आग्रह किया गया है कि वे वीडियो ग्राफी के लिए इंगेज किये गये लोगों का चरित्र सत्यापन करायें जिससे इसमें घुसपैठ करने वाले अराजकतत्वों को बाहर किया जा सके।







Leave a comment