कोंच-उरई । कोंच कस्बे में टप्पेबाजों का बड़ा गिरोह न केवल सक्रिय है बल्कि वह पुलिस के लिये भी खुली चुनौती बना हुआ है। लगभग हर रोज एकाध व्यक्ति टप्पेबाजी का शिकार होकर अपनी रकम गंवाने को मजबूर है लेकिन पुलिस इन तक पहुंच पाने में असफल साबित हो रही है। गुरुवार को मुख्य राजमार्ग पर भाजपा नगर अध्यक्ष की दुकान के सामने एक सिंचाई कर्मी टप्पेबाजी का शिकार होकर पैंतालीस हजार की रकम गंवा बैठा है।
मिली जानकारी के मुताबिक सिंचाई विभाग में काम करने बाला मेवालाल पाल गुरुवार को इलाहाबाद बैंक की मंडी शाखा से पैंतालीस हजार की रकम निकाल कर लाया था। उसने यह रकम अपने हैंडबैग में डाल कर बाइक की डिक्की में रख ली और दफ्तर चला आया। थोड़ी देर बाद वह अपनी बाइक के लिये कुछ सामान खरीदने भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की दुकान पर गया और सामान खरीदने लगा। जब वह सामान लेकर बापिस आया तो उसकी डिक्की से रुपयों का बैग गायब था। यह देख कर उसके होश उड़ गये। अपने साथ घटी घटना की जानकारी देते हुये उसने कोतवाली में तहरीर दे दी है। पाल ने बताया है कि दफ्तर में जब वह अन्य सहकर्मियों के साथ चाय पी रहा था तब उसका बैग उसके पास था और उसमें रुपये थे। जब वह ऑटो पार्ट्स की दुकान पर जा रहा था तो उसने अपना बैग फिर डिक्की में रख लिया था लेकिन किसी ने बैग पार कर दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।

Leave a comment

Recent posts