0 एसपी ने भी कसे अधीनस्थों के पेंच
0 भीषण गर्मी के बाबजूद भी काफी गर्म रहा जिला स्तरीय तहसील दिवस
0 विधायक मूलचंद्र व जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेन्द्र छुन्ना भी रहे मौजूद
कोंच-उरई। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले आयोजन तहसील दिवस में मंगलवार को बैरोमीटर में 46 डिग्री सेल्सियस के लेबिल पर कुलाचें भरते पारे से उपजी भीषण उमस भरी गर्मी के बाबजूद भारी भीड़ उमड़ी। कोंच तहसील सभागार में जिला स्तरीय तहसील दिवस डीएम नरेन्द्रशंकर पांडे की अध्यक्षता और एसपी स्वप्निल ममगाई व सीडीओ एसपी सिंह की मौजूदगी में निपटा जिसमें झौव्वा भर फरियादें आईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को समस्यायें समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के कड़े निर्देशों के साथ यह भी जोड़ा कि निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिये ताकि फरियादी को उसी समस्या के लिये बार बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समस्यायें हल्के में लेने बाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। पुलिस कप्तान ममगाई ने भी अधीनस्थों के पेंच कसते हुये कहा कि तहसील दिवस हो, समाधान दिवस अथवा सीधे ही थाने आने बाली समस्याओं को पूरी गंभीरता के साथ लेकर पीड़ित के साथ न्याय करें, न्याय भी ऐसा जो दिखे और जनता का भरोसा पुलिस और प्रशासन में कायम हो सके। तहसील दिवस में विधायक मूलचंद्र निरंजन तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेन्द्रसिंह छुन्ना ने भी मौजूद रह कर समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली नहीं करने के निर्देश दिये।
मंगलवार को तहसील दिवस के आयोजन में कुल आई 170 शिकायतें आईं जिनमें 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष संबंधित विभागों को इस टिप्पड़ी के साथ कि समयबद्ध निस्तारण करें, अधिकारियों को सौंप दी गईं। पिछले तहसील दिवसों की लंबित पड़ी कुल 2 समस्याओं को भी तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिये गये। मंच के माध्यम से मंडी समिति की ओर से 6 हजार 500 रुपये की खलिहान दुर्घटना क्षतिपूर्ति की चेक अंगूरी देवी पत्नी दुर्जन ग्राम परैथा को प्रदान की गई। तहसील दिवस में प्रतापनगर निवासी राजेन्द्र गुप्ता ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके खेत पर सूरजसिंह यादव, चंद्रशेखर यादव, सटकोले यादव आदि दबंगई के बल पर कब्जा किये हैं, कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी प्रशासन ने उक्त अबैध कब्जा नहीं हटवाया है। गांधीनगर निवासी विनोद कुमार स्वर्णकार की समस्या यह है कि उनके घर में बिजली का कनेक्शन नहीं होने के बाबजूद बिजली का बिल आ रहा है। अमीटा के क्षेत्र पंचायत सदस्य रणबहादुर सिंह ने गांव के उखड़े पड़े लिंक रोड को दुरुस्त कराने की मांग की। ग्राम पडरी निवासी अधिवक्ता दीनानाथ निरंजन, गनेश प्रसाद, काशी प्रसाद, राकेश कुमार, संतोष कुमार, मनीष, खुशीराम सहित दर्जन भर लोगों ने गांव में पाइप लाइन बिछाने और ओवरहैड टैंक से वाटर सप्लाई चालू कराने की मांग की। पालिका सभासद फहीम ने उनके वार्ड में नौ विभिन्न चिन्हित स्थानों पर नये हैंडपंपों की स्थापना और तीन रीबोर कराने की मांग उठाई। छोटू टाइगर ने बस स्टैंड पर वैकल्पिक ऊर्जा विकास संस्था उरईध् नपा कोंच द्वारा बर्षों पूर्व बनवाये गये लेकिन अब जर्जर पड़े शौचालय की मरम्मत करा कर यात्रियों के उपयोग हेतु बनाने की मांग की। प्रधान फुलैला जीतू कुमार ने गांव में पांच नये हैंडपंप व इतने ही रीबोर कराने तथा गांव के बड़े तालाब को भरने के लिये गूल बनवाने या नलकूप स्थापित कराने की मांग की। गांधीनगर निवासी उदयप्रकाश ने मुख्य बाजार में व्याप्त अतिक्रमण हटाने की मांग की, दीपक गर्ग, राहुल कुशवाहा, निखिल सोनी, अमन सोनी, शिवम सोनी आदि ने मालवीय नगर में रमेश नामदेव के बाहर पांच माह से खराब पड़े हैंडपंप को ठीक कराने की मांग की। अमित सविता, पवनकुमार, ओमप्रकाश, मुकेश, संजय जाटव आदि ने नया पटेलनगर में खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त कराने की मांग की। प्रधान प्रतिनिधि जगनपुरा नरेन्द्रसिंह ने तालाब, कब्रिस्तान और खलिहान से अतिक्रमण हटवाने तथा गांव में वास्तविक पात्रों के पात्र गृहस्थी के राशन बनाये जाने की मांग की। इस दौरान एसडीएम सुरेश सोनी, सीओ नवीनकुमार नायक, तहसीलदार भूपाल सिंह, डीडीओ श्रीकृष्ण पांडे, एसडीओ कौशलेन्द्र सिंह, कोतवाल सत्यदेव सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अशोककुमार, सीएमओ डॉ. अल्पना, सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला, बीएसए कमलेश कुमार ओझा खंड शिक्षा अधिकारी कोंच अजितकुमार, नदीगांव विजयबहादुर सचान, मंडी सचिव डॉ. दिलीपकुमार वर्मा, ईओ नपा रवीन्द्रकुमार, एट एसओ चंद्रशेखर दुवे, एसओ कैलिया प्रभुनाथ सिंह, नदीगांव एसओ हेमंतकुमार, रेंढर थाने से एसआई संजीव यादव सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment