उरई ।    कोंच कोतवाली की नाक के नीचे गढी स्थित प्राचान गणेश मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल कर चांदी के मुकुट, चढावा तथा मंदिर में रखे अन्य तमाम सामान पर हाथ साफ कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पुलिस ने भी इस चुनौती को स्वीकार करते हुये शीघ्र ही चोरी के खुलासे और चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का भरोसा दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक   गढी स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में नृत्यरत बाल गणेश की प्रतिमा स्थापित है और इस मंदिर में यहां के धर्मावलंबियों में गहरी आस्था है। बीती रात मंदिर के पुजारी संदीप मंदिर के ही पिछवाड़े बने अपने कमरे में सोने चले गये और नित्य की भांति सुबह चार बजे पूजा आरती के लिये जब मंदिर पहुंचे तो वहां मंदिर के गर्भ गृह के ताले चटके बाहर पड़े थे। यह देख उनके होश उड़ गये और जब उन्होंने मंदिर के भीतर देखा तो गणेश जी का चांदी का मुकुट, पूजा के उपयोग में आने बाले चांदी के वर्तन, दान पेटिका जिसमें लगभग आठ हजार रुपये थे, पीतल के तीन घंटे, लाउडस्पीकर की आहूजा की मशीन सहित पूरा सिस्टम नदारत थे। पुजारी द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई चोरी की सूचना पर कोतवाल सत्यदेव सिंह, महिला सिपाही कुसुम तिवारी तथा कोबरा सिपाहियों ने मौके पर पहुंच कर चोरी का जायजा लिया। गौरतलब यह भी है कि मंदिर के पीछे पानी की टंकी के नीचे दिन भर जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है और मंदिर प्रशासन जब उन्हें मना करता है तो वे जुआरी लड़ाई झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में इस अंदेशे से भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि चोरी की इस वारदात में कहीं न कहीं जुआरियों की भी संलिप्तता हो सकती है। जब पुलिस मौका देखने गई तब भी वहां जुआरी अपने हाथ आजमा रहे थे जो पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुये।

Leave a comment

Recent posts