उरई। 20 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति का योगी सरकार का संकल्प कमीशनबाजी के कारण ऊर्जा विभाग में खरीदे गये घटिया उपकरणों के चलते भारी साबित हो रहा है। आज कदौरा ब्लाॅक क्षेत्र के बबीना गांव में इसी कारण ट्रांसफार्मर में विस्फोट हो जाने से भीषण हादसा होते-होते रह गया। 20 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति के मौजूदा सरकार के फरमान की वजह से इस विभाग के मगरमच्छों की पोल खुलकर सामने आ गई है। ट्रांसफार्मर से लेकर लाइनें तक घटिया खरीद की वजह से असुरक्षित हैं जिसके कारण ज्यादा देर होते ही ट्रिपिंग तो होती ही रहती है। उपकरण हीट हो जाने से हादसे भी होना भी आम बात हो गई है। जिले के सबसे बड़े गांव में से एक बबीना में ट्रांसफार्मर व्यस्ततम स्थान पर लगा है। जहां से लोगों का आवागमन बना रहता है। आज यह ट्रांसफार्मर हीट होने के बाद तेजी से फट गया जिससे पूरे गांव में इसकी गूंज सुनाई दी। इस गूंज के कारण गांव भर में दहशत के चलते अफरा-तफरी का आलम व्याप्त हो गया। इस बीच विस्फोट के दौरान ट्रांसफार्मर से फब्बारे की तरह उबला तेल बाहर छूट पड़ा। जिसकी जद में आकर कुछ राहगीर बुरी तरह झुलस गये। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नही हुई। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। ट्रांसफार्मर फट जाने से गांव की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।







Leave a comment