उरई। अपनी रिश्तेदारी के क्षेत्र में तैनात लेखपाल सैंया भये कोतवाल, तो डर काहे का की कहावत चरितार्थ हो रही है। किस्सा कोंच तहसील के बस्ती हल्के के लेखपाल सुरेंद्र सिंह का है। इस हल्के के अंतर्गत आने वाले करनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सुरेश चंद्र व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लेखपाल अपने रिश्तेदारों का फेवर करता है जिससे उन लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और विस्फोटक स्थितियां बन रहीं हैं। सुरेश चंद्र के अलावा लल्लन प्रसाद, मुन्ना लाल पटेल, महाराज सिंह पटेल, प्रताप सिंह, अंजनी कुमार, हरकिशुन, किशुल लाल, केदार सिंह, रमेश चंद्र पटेल और रामकिशोर आदि ने बताया कि लेखपाल सुरेंद्र सिंह के रिश्तेदार चकरोड और नाली का अतिक्रमण करके बबाल फैला रहे हैं। जिसकी पैमाइश लेखपाल द्वारा अनुचित ढंग से की जाती है। ग्रामीणो ने बताया कि विवाद को समाप्त करने के लिए उन्होंने कई बार एसडीएम से उक्त लेखपाल को हटाकर बस्ती हल्के में किसी निष्पक्ष लेखपाल की नियुक्ति का आग्रह किया लेकिन मालूम होता है कि उनकी मंशा भी साफ नही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि वे हस्तक्षेप कर इस बारे में सम्यक निर्णय लें तांकि एसडीएम की अदूरदर्शिता के कारण अप्रिय स्थिति पैदा होने की किसी भी संभावना को टाला जा सके।

Leave a comment