उरई। आशिकी में अंधे प्रेमी ने निर्दोष की हत्या कर डाली, तांकि प्रेमिका के साथ शादी में आड़े आ रहे उसके पिता और होने वाले पति को जेल भिजवाकर रास्ता साफ कर सके। मजे की बात यह है कि इस प्लान को प्रेमिका ने ही खुद रचा था। खुलासे के बाद पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चुर्खी थाने के नूरपुर में गत् 6 अक्टूबर को जानवर के बाड़े में सो रहे 65 वर्षीय भगवानदीन प्रजापति की कुल्हाड़ी से काटकर की गई ब्लाइंड हत्या के मामले की जांच में पुलिस को ऐसे तथ्य हाथ लगे जो पूरी तरह अप्रत्याशित थे। यह पुलिस की खुशकिस्मती ही थी जो मामले का खुलासा हो गया। वरना हत्या करने वाले चेहरों के बारे में अंदाजा लगाना पूरी तरह मुश्किल रहता। अपर पुलिस अधीक्षक एसके तिवारी ने बताया कि चिल्ली थाना राठ जिला हमीरपुर का निवासी रामबाबू विश्वकर्मा रिश्तेदारी में नूरपुर में रहने लगा था। इस दौरान उसकी देवीदयाल बाल्मीकि की पुत्री किरन से आंखे लड़ गईं लेकिन देवीदयाल ने किरन का विवाह सिकंदरा में तय कर दिया जिससे रामबाबू और किरन दोनों परेशान हो गये। इस बीच किरन ने रामबाबू को सुझाया कि भगवान दीन अपने बाड़े में अकेले सोते हैं। उनकी हत्या करके पास में उसके पिता देवीदयाल और होने वाले पति के नाम लिखे लैटर छोड़ दो तांकि दोनों लोग फंसकर जेल चले जायें और वे मौज कर सकें। रामबाबू पर आशनाई का ऐसा नशा सवार था कि उसने आगा सोचा न पीछा और किरन के प्लान पर अमल करने की ठान ली। इसमें निर्दोष भगवानदीन की बलि चढ़ गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चुर्खी के प्रभारी निरीक्षक फुंदनलाल ने रामबाबू और किरन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। रामबाबू के कब्जे से हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।







Leave a comment