उरई। जनपद के रामपुरा थानाक्षेत्र के गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर जेवरात, कपड़े व बरतन पर हाथ साफ कर दिये जबकि चोरी के शिकार परिवार के लोग घोड़े बेंचकर सो रहे थे जिससे उन्हें आखिर तक चोरों की आहट नही लग सकी। रामपुरा थाने के ग्राम फतेहपुरा में सोमवार की रात कैलाश के घर में सभी लोग खाना खाकर सो गये। तभी देर रात घर के पीछे बाजरा की फसल में छुपे चोर दीवार फांदकर घर में घुस आये और भीतर के कमरों के ताले तोड़कर संदूक से तमाम सामान व गृहस्वामी के दो मोबाइल उठा ले गये। भोर के करीब जब कैलाश लघुशंका के लिए उठे तो सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी का आभास हुआ। बाद में सूचना दी जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष रजनीश कटियार ने मौका-मुआयना किया और पीड़ित परिवार को चोरों का जल्द पता लगाने का आश्वासन दिया।







Leave a comment