उरई । मायके में रह रही विवाहिता का शव मंगलवार को सुबह ससुराल में फाँसी पर झूलता मिला जबकि उसका पति परिवार के अन्य सारे लोगों के साथ पहले से ही ग्वालियर रहता है

जालौन कोतवाली क्षेत्र के अमखेड़ा में मंगलवार को खुशबू ( 27 वर्ष ) का शव गाँव के बाहर पीपल के पेड़ से लटका देख कर लोगों में सनसनी फैल गई । खुशबू का विवाह 8 वर्ष पहले गाँव के  भूपेन्द्र सिंह तोमर के साथ हुआ था लेकिन  भूपेन्द्र सिंह का पूरा घर ग्वालियर में मकान बनवा कर रहने लगा था । इस बीच पति पत्नी के बीच मनमुटाव गहराता गया जिसकी वजह से भूपेन्द्र कुछ दिनों पहले खुशबू को उसके मायके नदीगांव थाने के महतवानी में छोड़ आया और उसने वकील के मार्फत तलाक का नोटिस भिजवा दिया ।

अब महतवानी से खुशबू कैसे अमखेड़ा आ गई और फाँसी पर लटक गई यह बात एक पहेली बनी हुई है । सुबह जानकारी मिलने पर जालौन के कोतवाल महाराज सिंह तोमर ने मौके पर पहुँच कर शव को पेड़ से उतरवाया और महतवानी सूचना दे कर मृतका के भाइयों को बुलावा लिया । उनका आरोप है कि भूपेन्द्र रात में उनके घर आ कर खुशबू की विदा करा ले गया था । इसके बाद उसने खुशबू को मार डाला और शव अपने गाँव में फाँसी बनवा कर  पेड़ पर लटकाने के बाद चला गया ।

उधर भूपेन्द्र ने ग्वालियर से फोन पर बताया कि खुशबू के भाई का आरोप झूठा है । उसने कहा  कि उसके पास खुशबू के भाई द्वारा रविवार को रात में उसे की गई काल की रिकार्डिंग है जिसमें उसने रात में ही भूपेन्द्र को अपने पास बुलाया था और न आने पर उसे मुसीबत में डालने के लिए अनहोना कदम उठाने की धमकी दी थी । भूपेन्द्र को आरोप है कि उसकी धमकी से साफ़ है कि भाई ने उसे फँसाने के लिए खुद अपनी  बहिन की हत्या कर दी ।

पुलिस अभी घटना को आत्महत्या के बतौर देख रही है । प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह तोमर ने बताया कि शव से तलाक का नोटिस मिला है । इस आधार पर जाँच आगे बढ़ाई जा रही है ।

 

Leave a comment