
उरई। किसानों को सूखा राहत का फर्जी भुगतान दर्शा कर 3 लाख रुपए से अधिक की रकम हड़पने के मामले में बैंक मैनेजर और लेखपाल सहित 4 लोगों के ख़िलाफ़ धोखाधड़ी सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है ।
मामला सिरसाकलार थाना क्षेत्र के न्यामतपुर स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा का है । बैंक के कैशियर की सतर्कता से यह मामला उस समय पकड़ में आया जब बैंक के सामने टेलर की दुकान चलाने वाला सोनू सक्सेना उर्फ सुमित और आटा निवासी सत्यनारायण को आए दिन किसानों के नाम की बीयरर चेकें भुनाने के लिए पहुँचने पर गत दिनों पकड़ लिया गया । इसके बाद एस डी एम द्वारा जाँच करायी गई जिसमें मामला जालसाज़ी का पाया गया । सरसरी तौर पर बैंक मैनेजर और लेखपाल की भी संलिप्तता इसमें पायी गई । सिरसाकलार थाने में आज देर रात इसे ले कर बैंक के शाखा प्रबंधक आनंद कुमार , उक्त हल्के के तत्कालीन लेखपाल हरचरन कक्का , सोनू और सत्य नारायण के ख़िलाफ़ तहसीलदार शालिग्राम की तहरीर पर आइ पी सी की धारा 409, 420 , 467 और 468 का अभियोग पंजीबद्ध कर लिया गया । थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बताया कि चारों की गिरफ़्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दविश भेजी गई है ।







Leave a comment