उरई। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ज्ञानेन्द्र सिंह निरंजन ननकू के चुनाव प्रचार में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव दादी सहित वरिष्ठ नेताओं के कूदने से चुनावी माहौल गरमा गया है।

ज्ञानेंद्र सिंह निरंजन ने नगर के वार्ड प्रत्याशियों के कार्यालय उद्घाटन श्रृंखला के दूसरे दिन किये गये जबरदस्त जनसम्पर्क से शहर का चुनावी माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जिस तरह से शहर का माहौल समाजवादी पार्टी के लिये बनाने मे लगे है उससे युवा कार्यकर्ताओं मे गजब का उत्साह है जिसका परिणाम है कि पूरे शहर मे समाजवादी पार्टी की लहर बनने लगी है। जनसंपर्क के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव दादी ने केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पिछले साल आठ नवम्बर को भाजपा की मोदी सरकार द्वारा लागू की गई नोटबंदी ने पूरे देश की अर्थव्यवस्था को चैपट कर दिया है। छोटे एवं मध्यम उद्योग धंधे ठप्प पड़ जाने के कारण करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए। हरसाल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा करने वाली मोदी सरकार ने कामगारों को भुखमरी की कगार पर पहुंचा दिया। उन्होने प्रदेश में कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जालौन जिले में हत्या एवं सामूहिक बलात्कार की घटनाएं रिकार्ड बनाने में लगी है जिन्हें रोकने में योगी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने योगी सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। तो जीएसटी लागू कर व्यापारी वर्ग की रोजी-रोटी छीनने का काम किया है। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ वोट कर जिला मुख्यालय उरई नगर पालिका परिषद से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ज्ञानेन्द्र सिंह निरंजन को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान आज ज्ञानेंद्र सिंह निरंजन ने जिलाध्यक्ष वीरपाल दादी, पूर्व विधायक दयाशंकर वर्मा  तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद यादव, महिला जिलाध्यक्ष मांडवी निरंजन, मो. तारिक,  पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव बजरिया, जितेन्द्र यादव, के साथ वार्ड न दस, पन्द्रह, 27, 25, 31 के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान मनोज वाल्मीकि, विमलेश कौशल ,शबीउद्दीन ,मुन्ना अंसारी ,मोहम्मद शादाब आदि सैकड़ों लेाग मौजूद रहे।

Leave a comment