जालौन-उरई । नगर के मुख्य  चैराहे पर गैस से संचालित  वगैर परमिट के वाहनों का जमावड़ा लगता है जिसके कारण कभी कोई हादसा हो सकता है। इसके बाद भी परिवहन विभाग इनके खिलाफ कार्यवाही नहीं कर पा रहा है। सड़कों पर एल पी जी गैस से संचालित वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। गैस रिफलिंग सेन्टर न होने के बाद भी इन वाहनों को गैस मिलने में कोई परेशानी नहीं होती हैं। घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग इन वाहनों में हो रहा है। वगैर अनुमति के इन वाहनों में एल पी जी गैस का प्रयोग हो रहा है तथा बगैर परमिट के ये वाहन सवारियां ढोने का काम कर रहे हैं। देवनगर चैराहे पर चुर्खी रोड पर तथा क्षेत्र पंचायत कार्यालय के सामने बगैर टैक्सी परमिट के वाहनों की लाइन लग जाती है तथा किराये से वाहनों का संचालन होता है। देवनगर चैराहा पर चुर्खी रोड पर खड़ी गैस की गाडियों के बगल में ही अण्डे तथा चाट के ठेले लगते हैं जिन पर गैस सिलेंडर से चूल्हे जलते हैं अगर कभी भी गैस का रिसाव हो गया तो बड़ी दुर्घटना घट सकती है। लाइन में लगी गाड़ियों के चालक गाड़ी खड़ी करके इधर उधर चले जाते हैं जिससे मुख्य चैराहे पर कई बार जाम भी लग जाता है। कोतवाली से चन्द कदम दूरी पर इन वाहनों की लम्बी कतार लगी रहती है तथा जाम लग जाता है इसके बाद भी इन्हें हटाया नहीं जाता है। यही हाल क्षेत्र पंचायत कार्यालय के सामने का हैं। जब इस सन्दर्भ ए आर टी ओ से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि समय समय ऐसे वाहनों के खिलाफ चेकिंग की जाती है। फिर से चेकिंग करके कार्यवाही करा दी जायेगी।

 

Leave a comment