जालौन-उरई । नगर में चल रहे मिट्टी के अवैध खनन पर तमाम शिकायतों के बाद भी रोक नहीं लग पा रही है। मिट्टी माफिया रात के अंधेरे में धड़ल्ले से जे सी बी लगाकर मिट्टी का अवैध खनन करके खेतों को तालाब बनाने में जुटे हुए हैं। इसके बाद भी प्रशासन मिट्टी माफियाओं के सामने असहाय बना हुआ है। नगर के औरैया मार्ग पर हल्की माता मन्दिर के पास वर्षों से मिट्टी का अवैध व्यापार हो रहा है। मन्दिर के पास मलंगा नाला पर अवैध रूप से पुल बनाकर मिट्टी की ढुलाई होती रही है। मिट्टी माफियाओं ने मलंगा नाले के उस पार खेतों को तालाब में परिवर्तित कर दिया है। मन्दिर के बगल में हुई मिट्टी की अवैध खुदाई ने मन्दिर को खतरा पैदा कर दिया है। दस दस फुट गहरी मिट्टी उठायी जा चुकी है। करोड़ों की मिट्टी उठजाने के बाद भी प्रशासन मिट्टी माफियाओं के खिलाफ ठोस कार्यवाही नहीं कर पा रहा है। मिट्टी माफियाओं तथा प्रशासन की साठगांठ से मिट्टी का अवैध कारोबार खूब फल फूल रहा है। मिट्टी माफियाओं के लिए उपजिलाधिकारी का वह निर्णय वरदान साबित हो रहा है जिसमें वह किसानों को 10 ट्राली मिट्टी उठाने की अनुमति दे रहे हैं। दस ट्राली की आड़ में सैकड़ों नहीं हजारों ट्राली मिट्टी निकाली जा रही है। मिट्टी माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही किये जाने तथा मिट्टी की अवैध निकासी पर रोक लगाने के लिए समाजसेवियों ने स्थानीय प्रशासन से भी गुहार लगाई किन्तु उसका कोई फायदा नहीं हुआ। औरइया मार्ग पर बिरिया खेड़ा हनुमान जी के मन्दिर के पास लगातार जे सी बी मशीन लगा कर मिट्टी की अवैध निकासी की जा रही है तथा आधा दर्जन ट्रैक्टर इसकी ढुलाई कर रहे हैं। लगातार हो रही मिट्टी की अवैध निकासी के बारे में जब अपर जिला अधिकारी आर के सिंह बात की गयी तो उन्होंने बताया कि उन्होंने उपजिलाधिकारी को आदेश दिए थे। फिर भी मिट्टी की निकासी जारी है। वह उपजिलाधिकारी से बात करेगें।







Leave a comment