उरई। घरेलू हिंसा की शिकार महिला को पुलिस द्वारा एक महीने से चक्कर कटवाये जा रहे हैं। जिसके बाद आज उसने डीएम और एसपी से अपनी व्यथा बताकर मदद की गुहार लगाई।
थाना कोतवाली जालौन के अंतर्गत ग्राम शहजादपुरा की निवासिनी अनवरी ने बताया कि उसके पति और अन्य ससुरालीजन अक्सर उसका उत्पीड़न करते हैं। गत 26 नवम्बर को उसके पति शहजाद ने देवर कल्लू के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने पुलिस में जानकारी देकर मुकदमा दर्ज करा दिया था। लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी जालौन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नही की है। उधर अनवरी खाने को मोहताज है। उसके बच्चों की पढ़ाई नही हो पा रही। एक लड़की शादी योग्य हो गई है जिसकी चिंता उसे बुरी तरह खाये जा रही है। उसने डीएम और एसपी से गुहार लगाई कि उसकी स्थिति को देखते हुए वे हस्तक्षेप करें और उत्पीड़न करने वाले पति व देवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।

Leave a comment