
उरई। जिले के पाल समाज के लोगों ने प्रांतीय धनगर महासभा के बैनर तले गुरुवार को उन्हें अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग करते हुए जिला परिषद तिराहे पर लगभग एक घंटे तक जाम लगाया जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच कया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल की अगुवाई में जिले के पाल समाज के लोग लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उनके पास मूल रूप से धनगर होने के प्रमाण हैं। चूंकि धनगरों को अनुसूचित जाति के रूप में मान्य किया गया है। इसलिए जिले के पालों को भी अनुसूचित जाति की सुविधा के लिए धनगर होने के आधार पर प्रमाण पत्र जारी किये जायें।
गुरुवार को उन्होंने इसे लेकर उग्र प्रदर्शन किया। पीली टोपी लगाकर सैकड़ों की संख्या में आये पाल समाज के लोगों ने पहले कलेक्ट्रेट में काफी देर तक धरना देते हुए हंगामा किया। इसके बाद वे सड़क पर पहुंच गये और उन्होंने जिला परिषद तिराहे पर जाम लगा दिया। कलेक्ट्रेट जाने वाला मार्ग होने से इसके कारण अधिकारियों की गाड़ी भी अवरुद्ध हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर उपजिलाधिकारी सदर अक्षय ़ित्रपाठी और नगर पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार दलबल के साथ प्रदर्शनकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया कि उनकी मांगे जिले के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में नही हैं। वे प्रबल संस्तुति के साथ उनका ज्ञापन राज्यपाल को भेजकर उनकी मदद करेगें। अधिकारियों ने श्रीराम पाल से भी जाम खत्म कराने में मदद की अपील की। आखिर में श्रीराम पाल के हस्तक्षेप पर जाम हटाया गया।
प्रदर्शन में धनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर, विजय बहादुर आचार्य जी, भानुप्रताप सिंह, बुद्ध सिंह, रामसहोदर, राजाराम, संजीव कुमार, करन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, ओमेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।







Leave a comment