उरई। ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनोखी शैली में प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों ने सरकार का ध्यानाकर्षित कराने के लिए जिला पंचायती राज कार्यालय के सामने धरना देते हुए मुंडन कराया। कौतूहल से भरे लोगों की भीड़ इस दौरान उनका तमाशा देखने के लिए जमा हो गई।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के तत्वावधान में विभिन्न मांगों को लेकर हंगामी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और मंत्री आशीष झा ने कहा कि वे लोग मुख्य रूप से अपना पद नाम पंचायत सेवक करने, 1900 रुपये ग्रेड निर्धारित करने ग्राम पंचायत अधिकारी के पद के लिए पदोन्नति के अवसर प्रदान करने और नवीन पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन की वजह से पुराने डीआरडीए भवन के सभी कार्यालयों में आज दिन भर काम काज अस्त-व्यस्त रहा। शाम को जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर उन्होंने अपना धरना समाप्त किया।

Leave a comment