उरई। बुधवार को प्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय इंटर कालेज मैदान में शानदार जलसा आयोजित होगा। प्रभारी मंत्री इस दौरान कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास व लाभार्थियों को सहायता वितरण करेगें।

मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि समारोह का प्रमुख आकर्षण वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजेक्ट के तहत कालपी के एतिहासिक हस्त कागज उद्योग की प्रदर्शनी का आयोजन होगा।

विभिन्न विभागों के 20 स्टाल आयोजन स्थल पर लगाये जायेगें। प्रदेश और जनपद के इतिहास व स्वर्णिम भविष्य पर प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी भी होगी। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर आधारित संकल्प पत्र का वाचन भी किया जायेगा।

बुंदेलखंडी नृत्य, दिवारी नृत्य और आल्हा गायन से जुड़े लोक कलाकार अपनी कला का जादू बिखेरेगें। जनपद के स्वतत्रंता संग्राम सेनानियों का भी यशोगान किया जायेगा।

प्रभारी मंत्री जयकिशन सिंह जैकी कार्यक्रम में 50 आंगनवाड़ी केंद्रों, दो माडल स्कूल, परौसा के बिजली घर, पंचायत उद्योग केंद्र जालौन और लघु सिचाई विभाग द्वारा निर्मित तीन चैकडैमों का लोकार्पण करेगें। जबकि पांच चैकडैम का शिलान्यास किया जायेगा।

लाभार्थियों के सहायता वितरण के क्रम में एनआरएलएम के 20 समूहों को 22 लाख रुपये की सहायता, शौचालय के 50 लाभार्थियों को सहायता व 50 कृषकों को फसली ऋण माफी का प्रमाणपत्र वितरण होगा। आयोजन में सभी जनप्रतिनिधि, पार्टियों के नेता व ग्रामीण क्षेत्र तक की जनता को आमंत्रित किया गया है।

 

 

 

 

 

Leave a comment