उरई। सिचाई समृद्धि योजना के अंतर्गत सरकारी अनुदान से स्थापित सामूहिक नलकूप के जरिये पानी लेने के लिए चिन्हित लाभार्थी किसानों से सिचाई का नाजायज शुल्क मांगा जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी को इस संबंध में गुरुवार को एक शिकायती पत्र सौंपा गया।

मामला तहसील कालपी और ब्लाक महेबा ग्राम पंचायत चरसौनी के जलालपुर चुर्खी गांव का है। इस गांव में 4 लाख 28 हजार रुपये की सरकारी सहायता से एक नलकूप स्थापित किया गया था। जिसके संचालन के लिए सरकारी नलकूप आपरेटर सुरेश की अध्यक्षता में समूह गठित किया गया।

सुरेश अब अपनी हैसियत का दुरुपयोग कर मनमानी में लगे हैं। कमांड एरिया के किसानों की बजाय वे दूसरे किसानों को पानी बेचकर सिचाई करा रहे हैं। जबकि कमांड एरिया के किसान उनकी नाजायज वसूली की पूर्ति के लिए तैयार न होने से सिचाई से वंचित रह जा रहे हैं।

प्रभावित किसानों अलखवीर, सूरज सिंह, रामकिशुन, बनवारी आदि ने आज इसके खिलाफ मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।

 

 

 

 

Leave a comment