0 राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्कूली बच्चों ने नगर में निकाली रैली
0 सरोजिनी नायडू पार्क में संकल्प लिया कि वोट डालवाने को कहेंगे अभिभावकों से

कोंच-उरई। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिये मतदान दिवस पर वोट जरूर करने और करवाने को लेकर गुरुवार को स्कूली बच्चे मैदान में आये और राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गुरुवार को मतदाताओं को जगाने के लिये प्रशासन की पहल पर रैली में सहभाग किया। रैली में नगर के तमाम स्कूल कॉलेजों के हजारों बच्चों द्वारा सहभागिता कर मतदाताओं को अपना वोट आवश्यक रूप से देने जाने के लिये प्रेरित किया गया।

सरोजिनी नायडू पार्क में एसडीएम सुरेश सोनी ने उपस्थित जनों को मतदान की शपथ दिलाई। तहसीलदार भूपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र ही है जहां हमें अपनी पसंद के जनप्रतिनिधि चुनने और अपने मनमाफिक सरकार बनाने का अधिकार मिला हुआ है, जबकि कई देशों में मतदान के अधिकार के लिये वहां की जनता संघर्ष कर रही है। अपने इस अधिकार को कर्तव्य मान कर हमें हर हाल में अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिये तभी एक सुदृढ लोकतंत्र स्थापित हो सकेगा।

गुरुवार को एसआरपी इंटर कॉलेज परिसर में एसडीएम सुरेश सोनी ने हरी झंडी दिखा कर मतदाता जागरूकता रैली का शुभारंभ किया। वहां से शुरू हुई रैली में हाथों में नाना प्रकार के स्लोगन लिखी तख्तियां पकड़े बच्चों ने बड़ों को जगाने का काम किया। मुख्य राजमार्ग से होकर रैली सरोजिनी नायडू पार्क पहुंची जहां समापन अवसर पर बच्चियों ने मतदान को लेकर जोरदार नारे लगाये और मतदान को लेकर सबको अंदर तक झकझोर डाला। रैली समाप्ति पर एसडीएम ने सरोजिनी नायडू पार्क में लोगों को मतदान की शपथ हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अडिग विश्वास रखते हुये एतद्द्वारा अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचनों की गरिमा बनाये रखने तथा प्रत्येक निर्वाचन में भयमुक्त होकर और धर्म, वंश, जाति, समुदाय, भाषा के विचारों से अथवा किसी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना मतदान करने की शपथ लेते हैं। दिलाई। एसआरपी इंटर कॉलेज, सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज, कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज, नाथूराम पुरोहित बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों के अलावा स्वैच्छिक संगठनों के लोगों ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता रैली निकाल कर अट्ठारह साल से ऊपर के सभी युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और अन्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग आवश्यक रूप से करने के लिये प्रेरित किया। हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां और बैनर लिये बच्चे नारे लगाते हुये नगर की मुख्य सड़कों से जब गुजर रहे थे तब उत्सुकतावश लोग उन्हें देखने के लिये घरों और प्रतिष्ठानों से निकल पड़े। रैली नगर भ्रमण के बाद सरोजिनी नायडू पार्क पहुंची। इस दौरान एसडीएम सुरेश सोनी, तहसीलदार भूपाल सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, ब्रजबल्लभसिंह सेंगर, एसपी सिंह, योगेश सोनी, आरके अशोक कुशवाहा, रामशंकर, प्रेमनारायण वर्मा, गीता श्रीवास्तव, आलोककुमार, अजय यादव, प्रियंका, मोनिका, वंदना, सुनीता, सृस्टि, संजीव, आशीष सहित तमाम तहसीलकर्मी, स्कूलों के अध्यापकगण आदि मौजूद रहे।






Leave a comment