उरई। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में विशेष परेड की सलामी परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वत्रंत देव सिंह को दी गई। इस अवसर पर स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अगर जम्मू कश्मीर के लोग आतंकवाद की जगह पर्यटन को बढ़ावा दे ंतो वहां का हर सख्स अमीर हो जायेगा और अमन शांति कायम हो जायेगी। जिले भर में राष्ट्रीय पर्व गरिमा और धूमधाम के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, गैर सरकारी संस्थाओं के कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद गोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये।

 

शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ध्वजा रोहण कर तिरंगे को सलामी दी और शांति के प्रतीक कबूतरों को उड़ाकर अमन चैन की दुआ मांगी। बाद में उन्होंने पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद के साथ परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।
परेड का नेतृत्व सीओ लाइन संजय कुमार शर्मा कर रहे थे। इसमें महिला पुलिस की टुकड़ी के साथ एनसीसी के जवानों ने भी कौशल और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कई झांकियां निकाली गईं। जिनमें बम निरोधक दस्ते और फायर बिग्रेड की झांकी प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। अग्नि शमन की टीम ने पानी की बौछार आसमान में फेंककर तिरंगा बनाया जिस पर सारा माहौल तालियों से गूंज उठा। इस मौके पर जनपद के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
परिवहन राज्य मंत्री ने कार्यक्रम में 18 पुलिस जवानों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। जिला अधिकारी डा. मन्नान अख्तर, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आरके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रेहान सिददीकी ने किया।
फायदे का निगम बनी रोडवेज
परिवहन राज्य मंत्री ने बाद में एक संक्षिप्त चर्चा में कहा कि जबसे प्रदेश में योगी सरकार आई है। तब से परिवहन विभाग लगातार लाभ में है। पिछली सरकारों में प्रतिवर्ष परिवहन विभाग को 28 करोड़ रुपये तक का घाटा होता रहा है। जबकि इस बार निगम 8 करोड़ रुपये के फायदे मे है। उन्होंने कहा कि हर माह 100 नई बसें खरीदी जायेगीं। जिससे यात्रियों को अच्छी बसों में सफर करने का मौका मिल सके। इसके अलावा महिलाओं के लिए विशेष पिंक बसें संचालित की जायेगीं। जिनमें महिला चालक और परिचालक ही तैनात होगीं। सुरक्षा के लिए बस में सीसीटीवी कैमरे लगे होगें और एक एलर्ट बटन होगा किसी भी प्रकार का अंदेशा होने पर इस बटन के दबते ही पुलिस बस में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पहुंच जायेगी। परिवहन विभाग में स्वच्छ तरीके से नियुक्तियों के चयन के लिए भर्ती आयोग का गठन किया गया है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी।

 

Leave a comment