उरई। मनी बैंक, आई बैंक और ब्लड बैंक के बारे में तो सभी जानते हैं क्या आपने कभी रोटी बैंक के बारे में सुना है, शायद नहीं।
जालौन जिले के कालपी नगर में एक अनोखा बैंक खोला गया है जो रोटी बैंक है। यह बैंक कालपी के राजघाट मोहल्ले में चलाया जा रहा है। इसे कुछ समाजसेवियों के साथ मयंक त्रिपाठी, विपिन शुक्ला, तिलक गुप्ता और नीशू गुप्ता ने शुरू किया है।
भुखमरी को न पनपने देने के लिए खोले गये इस बैंक में रुपयों की बजाय खाने का सामान जमा कराया जाता है। स्थानीय लोग रोज अपने घर से रोटी, सब्जी और अचार लेकर आते हैं और एक गत्ते के डिब्बे में रख देते हैं। यह खाना बाद में लाचार और मोहताज गरीबों को बांटा जाता है।
रोटी बैंक में कोई भी आदमी आकर रोटी और सब्जी तो दे सकता है लेकिन खाने-पीने की चीजों के अलावा नगदी या अन्य सामान इस बैंक में स्वीकार नही किया जाता। यह बैंक भूखे गरीब और जरूरतमंद इंसानों के लिए जीने का सहारा साबित हो रहा है। मैं तो अकेला ही चला था जानिबे मंजिल, लोग आते गये और कारवां बनता गया की तर्ज पर कुछ लोगों की सोच की इस उपज से कुछ ही दिनों में तमाम लोग जुड़ने को लालायित हो उठे हैं।

Leave a comment