उरई। जिला पूर्ति अधिकारी की सक्रियता से राशन के सामान की कालाबाजारी करने वाले माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कुठौंद थाना अंतर्गत शंकरपुर चैकी के पास डीएसओ वीके शुक्ला ने जालौन के सप्लाई इंस्पेक्टर कमल सिंह कुशवाहा के साथ एक लोडर पकड़ लिया था। जिसमें राशन की दुकान का गेंहूं और चावल लदा था। लेकिन कार्रवाई के दौरान लोडर का ड्राइवर और उसका एक साथी चकमा देकर भागने में सफल हो गया था।
इस मामले में जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद डीएसओ के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह कुशवाहा ने अज्ञात वाहन स्वामी और उसके ड्राइवर बब्लू के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा कुठौंद थाने दर्ज करा दिया है। मालूम रहे कि इस गाड़ी से तीस बोरी चावल और बीस बोरी गेंहूं मिला था। यह माल मार्केटिंग के गोदाम प्रभारी के सुपुर्द कर दिया गया था। जालौन जिले से हर माह लाखों रुपये का चावल और सरकारी गेंहूं औरैया में कालाबाजारी में बेचने के लिए भेजा जाता है। इस गोरखधंधे मेें शामिल कई लोग रातों-रात करोड़पति बन चुके हैं।





Leave a comment