कोंच-उरई। स्थानीय बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को मंगलवार की शाम मथुरा प्रसाद अतिथि गृह के सभागार में आयोजित भव्य समारोह में जनपद न्यायाधीश चंद्रशेखर प्रसाद ने समाज और न्याय हित में दायित्व के निर्वाह की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक व्यवस्था कायम करने और वांछित परिवर्तन में अधिवक्ता बंधु अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा जारी रहना चाहिए। बार एसोसिएशन के वर्तमान पदाधिकारियों को इस सिलसिले में अपने पूर्वजों की कार्यशैली का अध्ययन, मनन और अनुसरण करना चाहिए। रविंद्रनाथ खरे को अध्यक्ष और महामंत्री पद की शपद मो. अफजाल खान को दिलाई गई।
इस मौके पर जनपद के सभी वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों का जमावड़ा रहा। जिनमें एडीजे रामानंद, श्रीनाथ सिंह, चंद्रपाल, दिनेश तिवारी, अभय प्रताप, सिविल जज एचडी एफटीसी गुलाम मुस्तफा और कोंच के सिविल जज जूनियर डिवीजन विवेक विक्रम सिंह के अलावा उप जिलाधिकारी सुरेश सोनी भी मौजूद रहे। संचालन एल्डर्स कमेटी के सदस्य संतलाल अग्रवाल ने किया। पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारियों की टीम में शामिल रहे ओम प्रकाश अग्रवाल, विनोद कुमार अग्निहोत्री और शशांक श्रीवास्तव ने प्रमाण पत्र बांटे।
कार्यक्रम में जिला बार संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष करन सिंह राजपूत, सचिव अनुज शर्मा, कोंच के वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेंद्र बाजपेयी, पूर्व बार संघ अध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरोठिया, रामपुरा नगर पंचायत के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, भाजपा के रामपुरा के मंडल अध्यक्ष अंकुर मिश्रा और समाज सेवी कढ़ोरे लाल बाबूजी भी उपस्थित रहे।






Leave a comment