उरई। मनचलों पर पुलिस की सख्ती के बावजूद इनकी हरकतों पर अंकुश नही लग पा रहा है। जालौन कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर झाड़ू लगा रही नाबालिग लड़की को गांव के युवक ने ही छेड़ दिया। जब उसने विरोध किया तो डरने की बजाय मनचले ने उसके साथ मारपीट कर डाली। इसकी शिकायत पुलिस में कर दी गई है।
बुधवार को दोपहर में ग्राम गिधौंसा में नाबालिग लड़की घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी तभी वहां गांव का ही अवधेश उर्फ कढ़ोरे आ गया। उसने लड़की का हाथ पकड़कर उसके साथ अभद्रता की। लड़की के चिल्ला पड़ने पर उसकी मां भीतर से निकल आई तो आरोपी लड़की के साथ मारपीट करते हुए उसकी मां को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।
मां ने घटना की जानकारी डायल-100 पर दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले वह लापता हो चुका था। लड़की का पिता सूरत में रहकर मजदूरी करता है और मां बच्चों के साथ घर पर रहती है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a comment