कोंच-उरई । जेडीसी बैंक मुख्य शाखा के एकाउंटेंट बीती रात अपने किचेन में मृत पाये गये। उनके सिर में पीछे की तरफ चोट का निशान पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा है।
मिली जानकारी के मुताबिक राधेश्याम सिंगरौर (58) निवासी थुलमा थाना सराय इनायत जिला इलाहाबाद कोंच की जेडीसी बैंक मुख्य शाखा में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। कल सुबह दस बजे वह बैंक शाखा गये लेकिन उनकी थोड़ी तबियत बिगड़ी तो वह शाखा प्रबंधक से छुट्टी लेकर अपने घर जयप्रकाश नगर जहां वह किराये से रहते थे, चले गये। बताते हैं कि उनकी पत्नी जो इलाहाबाद में रहती हैं, ने उनका हाल चाल जानने के लिये उन्हें फोन मिलाया लेकिन उधर से कोई जबाब नहीं मिला। पत्नी ने शाखा प्रबंधक महाराज सिंह को फोन पर बताया कि उनके पति का फोन रिसीब नहीं हो रहा है। रात में प्रबंधक उनके आवास पहुंचे तो देखा कि घर के दरबाजे अंदर से बंद हैं। उन्होंने फोन मिलाया तो उन्हें भी जबाब नहीं मिला। शाखा प्रबंधक ने यूपी 100 को कॉल कर बुला लिया। इधर, कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा, एसएसआई दिलीप वर्मा भी रात में ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये थे। अंदर जाने का और कोई रास्ता नहीं होने के चलते पुलिस दरबाजा तोड़ कर अंदर गई तो देखा कि राधेश्याम किचेन में मृत पड़े हैं और उनके सिर में पीछे की तरफ चोट लगने के कारण तमाम खून भी वहां पड़ा था। समझा जा रहा है कि उनका पैर फिसला होगा और वह गिर गये होंगे, समय पर उपचार नहीं मिल पाने के कारण उनकी मौत हो गई होगी। शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। राधेश्याम ने दस माह पूर्व यहां ज्वाइन किया था। उनके परिजनों को उनके मरने की सूचना दे दी गई थी और वे भी उरई पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गये थे।






Leave a comment