
कोंच-उरई । नगर के एक प्रतिष्ठित परिवार में जायदाद पर कुनबे के ही लोगों द्वारा किये गये अबैध कब्जे का मामला सड़कों से होकर कोतवाली तक जा पहुंचा है। मंगलवार को एक पक्ष द्वारा की गई शिकायत पर अपर पुलिस अधीक्षक जांच करने कोंच आये और मौके का निरीक्षण करने के बाद मोहल्ले के लोगों से भी बातचीत की तथा दोनों पक्षों को ताकीद की कि लड़ाई झगड़ा बिल्कुल न करें। कोतवाली पुलिस को भी उन्होंने आगाह किया कि इस मामले की निगरानी करती रहे।
गौरतलब है कि कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर स्थित कोंच पब्लिक स्कूल परिसर में पहारिया का बड़ा परिवार रहता है। भास्कर पुत्र मेधाकाम पहारिया ने पुलिस अधीक्षक के यहां शिकायत की थी कि एक मई को जबरन ताला तोड़ कर उनके मकान में देवव्रत पहारिया, आदित्य पहारिया, मनीष पहारिया, देशबंधु पहारिया आहद ने अबैध रूप से कब्जा कर लिया है। पुलिस कप्तान अमरेन्द्रप्रसाद सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ तिवारी स्वयं मौके की जांच करने आये और मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों के अलावा आस पड़ोस के लोगों से भी बातचीत की। एएसपी ने दोनों पक्षों को चेतावनी दी है कि लड़ाई झगड़ा बिल्कुल न करें। उन्होंने कोतवाली पुलिस से भी मामले पर निगाह बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी ने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है और उनके स्तर से भी जांच की जा रही है।




Leave a comment