उरई । क्षेत्रीय संगठन ओमप्रकाश श्रीवास्तव को हटाये जाने के फ़ैसले को ले कर यहाँ आज भाजपा में चर्चाओं का बाजार गरम रहा । जिले में सांसद चुनाव सहित भाजपा के सारे समीकरण इसके बाद बदल जाने की अटकलें तेज हो गई हैं ।

हरियाणा के सूरजकुंड में आर एस एस के दिग्गजों की बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों के ख़िलाफ़ जबरदस्त असंतोष फूटा । इसके बाद कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव , गोरखपुर के शिव कुमार पाठक और अवध क्षेत्र के बृज बहादुर एक तरह से लाइन हाजिर कर दिये गए । बृज क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह को कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र भी सौंप दिया गया है ।

ओम प्रकाश के ख़िलाफ़ बहुत ज्यादा शिकायतें थीं । उन्होने अपने एक रिश्तेदार को जालौन जिले की कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पद दिला रखा था । उसके द्वारा एक गो मांस तस्कर को सरंक्षण देने का मामला खुलने से ओम प्रकाश की भारी किरकिरी हुई थी फिर भी उसे उन्होने पद से नहीं हटने दिया था । इसी रिश्तेदार के माध्यम से नगर निकाय चुनाव के उम्मीदवारों से उगाही के भी आरोप उन पर लगे थे ।

ओम प्रकाश श्रीवास्तव के ढक्कन हो जाने से भाजपा में सांसद भानुप्रताप विरोधी खेमे में खुशी की लहर फैल गई है ।

Leave a comment