जालौन-उरई। लोगों के विभाग के प्रति असंतोष और शिकायतों की भरमार देखते हुए उप जिलाधिकारी बुधवार को अचानक विद्युत उपखंड कार्यालय में आकस्मिक निरीक्षण के लिए पहुंच गये। इस दौरान उन्हें कार्यालय के गेट के बाहर ताला जड़ा मिला। कार्यालय खुलने का समय हो जाने के बावजूद किसी के कार्यालय में न आने का प्रत्यक्ष सबूत देखकर उप जिलाधिकारी के गुस्से का पारावार न रहा।
बिजली की समस्या को लेकर कई दिनों से नगर में हाहाकार मचा है। जहां आम जनता एक ओर सड़क पर उतरने को मजबूर हो चुकी है तो वहीं विद्युत विभाग का रवैया जस का तस बना हुआ है। उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह ने लोगों की शिकायत को देखते हुए बुधवार को सुबह साढ़े नौ बजे उपखंड कार्यालय पहुंचकर निरीक्षण करना चाहा लेकिन कार्यालय के गेट पर ताला पड़ा होने से उनका गुस्सा सांतवे आसमान पर पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दास्त की जाने योग्य नही है। उपखंड अधिकारी नवीन कुमार के खिलाफ वे डीएम को अर्द्धशासकीय पत्र भेज रहे हैं। उप जिलाधिकारी का कहना था कि सरकार के निर्देश हैं कि लोगों की शिकायत सुनने के लिए अधिकारियों को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने आफिस में बैठना चाहिए लेकिन बिजली विभाग में इसकी अवहेलना हो रही है। जिसको देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
वहीं विद्युत उपखंड अधिकारी नवीन कुमार ने जबाव दिया कि कार्यालय में जनता की समस्यायें सुनने का समय सबेरे 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक का है शेष समय क्षेत्र में कार्य करने का है।






Leave a comment