आटा-उरई। गत माह आई तेज आंधी में भदरेखी मार्ग पर लगा मंडी समिति का साइनबोर्ड टूटकर गिर गया था जिसको हटाने की जहमत अभी तक नही उठाई गई है। जबकि साइनबोर्ड के रास्ते में पड़े होने से लोगों को परेशानी और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। कई बार राहगीर रात के अंधेरे में इस बोर्ड में उलझकर चुटहिल हो जाते हैं।
भदरेखी गांव में बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत मिनी मंडी का निर्माण कराया गया था। उसी का साइनबोर्ड हाइवे से सटे भदरेखी मोड़ पर लगा था। गत माह यह बोर्ड तेज आंधी में गिर गया। जिसने आधी सड़क को अपनी चपेट में ले रखा है।
इसके कारण होना यह चाहिए था कि बोर्ड अविलंब रास्ते से हटवा दिया जाता लेकिन अभी तक जिम्मेदारों ने इसे उठवाने की परवाह नही की है। इस रोड से जिला व तहसील के अधिकारियों का अक्सर निकलना होता रहता है फिर भी वे नही चेत पा रहे। अगर इस साइनबोर्ड से टकराकर कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो कौन जिम्मेदार होगा।

Leave a comment