उरई। कालपी में पुलिस ने ब्लू फिल्में और उनकी क्लिप ग्राहकों के मोबाइल में अपलोड करने का धंधा चला रहे चार दुकानदारों को गिरफ्तार कर उनके लैपटाप जब्त कर लिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कालपी कोतवाली की टरननगंज चौकी के प्रभारी मनोज गुप्ता ने अपनी टीम के साथ टरननगंज बाजार में श्यामसुंदर तथा शिवकुमार की मोबाइल की देर रात तक खुली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने उनके मोबाइल और कंप्यूटर खंगाले जिनमें कई अश्लील वीडियो और मूवी मिले। पुलिस ने दोनों के लैपटाप व कंप्यूटर जब्त कर लिए।
पुलिस इसके बाद जुलहटी मार्केट पहुंची जहां कृष्णा तथा हासिम की मोबाइल शाप पर मारे गये छापे में भी लेपटाप में अश्लील वीडियो की भरमार मिलने पर उसको जब्त कर लिया गया। दरोगा मनोज गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिली थी कि शाप मालिक अश्लील वीडियो मोबाइल व कार्ड में डालने के लिए मोटी रकम वसूलते हैं। कोतवाल सुधाकर मिश्र ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट का मुकदमा कायम कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से कारोबारियों में बेचैनी फैल गई है।
लोग इसे जालौन में बच्ची को बुरी नियत से कार में अगवा करने के प्रयास के खुलासे के बाद सामने आई कहानी से भी जोड़ रहे हैं। इसकी छानबीन में पता चला था कि रईसजादों के लड़के ब्लू फिल्में और क्लिपें देखकर दरिंदगी की ऐसी राह पर चल पड़े थे जिसके तहत बच्चियों का अपहरण करके वे उन्हें निशाना बनाने में लगे रहते थे। हालांकि पुलिस ने इस वीभत्स मामले की लीपापोती कर दी है लेकिन पुलिस इसके बाद चौकन्नी होकर ब्लू फिल्म के करोबार पर लगाम लगाने में जुट पड़ी है।






Leave a comment